मुख्यमंत्री धामी ने डालनवाला थाने में 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का किया लोकार्पण
देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को थाना डालनवाला, देहरादून परिसर में स्थापित 13 लॉन्ग रेंज आधुनिक सायरनों का विधिवत लोकार्पण किया। यह पहल राज्य की आपदा प्रबंधन क्षमता को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड एक आपदा संभावित राज्य है, जहां समय रहते सतर्कता और सूचना प्रसारण अत्यधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ये अत्याधुनिक सायरन प्रणाली नागरिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से बेहद उपयोगी होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भूस्खलन, बादल फटना, बाढ़ और भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं राज्य को समय-समय पर चुनौती देती हैं। सरकार आपदा से होने वाली क्षति को न्यूनतम करने और आपदा पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि 8 और 16 किलोमीटर की रेंज वाले ये सायरन न केवल प्राकृतिक आपदा के समय अलर्ट करेंगे, बल्कि राहत और बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में भी सहायक होंगे। साथ ही ये भीड़-भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर लोगों को समय रहते सचेत करेंगे।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इस प्रणाली का नियमित परीक्षण किया जाए और आम जनता को इसके उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि आपातकालीन स्थिति में अधिकतम लाभ मिल सके।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने डालनवाला थाने में स्थापित बाल थाने का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में सेवानिवृत पुलिस कार्मिकों, उत्तराखंड पीसीएस एसोसिएशन तथा उत्तराखंड पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों द्वारा मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सहायता राशि के चैक भेंट किए गए।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री गणेश जोशी, श्री सुबोध उनियाल, विधायक श्री खजान दास, पुलिस महानिदेशक, आपदा प्रबंधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जिलाधिकारी देहरादून, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

