मुख्यमंत्री धामी ने ‘भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड’ अभियान के तहत सम्मान समारोह में की भागीदारी, दिलाई शपथ

देहरादून। बल्लीवाला क्षेत्र में रविवार को आयोजित ‘भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड’ सम्मान समारोह में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। यह आयोजन धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं द्वारा मुख्यमंत्री के प्रयासों के सम्मान में किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने जनता को भ्रष्टाचार मुक्त उत्तराखंड की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि यह सम्मान समारोह केवल एक व्यक्तिगत अभिनंदन नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की सवा करोड़ जनता के ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने भ्रष्टाचार के विरुद्ध उठाए गए कदमों की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों में 200 से अधिक भ्रष्टाचारियों को जेल भेजा गया है और तकनीक आधारित पारदर्शी व्यवस्थाएं, जैसे ऑनलाइन ट्रांसफर प्रक्रिया, परीक्षा निगरानी और हेल्पलाइन 1905 व 1064 की शुरुआत की गई है।
धामी ने कहा कि समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, लव जिहाद और धर्मांतरण रोकने हेतु कानूनों के जरिए शासन को सुदृढ़ किया गया है। “ऑपरेशन कालनेमि” के अंतर्गत 200 से अधिक संदिग्ध, जिनमें बांग्लादेशी घुसपैठिए भी शामिल हैं, पकड़े गए हैं।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के “ना खाऊँगा, ना खाने दूँगा” के मंत्र को दोहराते हुए कहा कि राज्य सरकार पारदर्शी और जनहितकारी शासन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर कई धार्मिक-सामाजिक संस्थाओं के प्रमुख व विधायक खजान दास सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

