मुख्यमंत्री धामी ने 609 नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र किए प्रदान

मुख्यमंत्री धामी ने 609 नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र किए प्रदान
Spread the love

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को गढ़ीकैंट स्थित हिमालयन सांस्कृतिक ऑडिटोरियम में कृषि, उद्यान, समाज कल्याण विभाग में चयनित कुल 609 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इसमें 333 सहायक कृषि अधिकारी, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के 37 वर्ग-2 और 227 वर्ग-3 के अभ्यर्थी तथा 12 सहायक समाज कल्याण अधिकारी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी नव-नियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके जीवन का नया अध्याय शुरू हो रहा है। उन्होंने कहा कि ये युवा अभ्यर्थी उत्तराखंड में कृषि क्षेत्र के उत्थान और समाज कल्याण के संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी उम्मीद जताई कि ये युवा अपनी मेहनत और निष्ठा से उत्तराखंड में कृषि के क्षेत्र में नवाचार करेंगे और किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़े जाने का कार्य करेंगे।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा किसानों के लिए लागू की गई विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्रदेश के किसानों को 03 लाख रुपए तक का बिना ब्याज ऋण प्रदान कर रही है। इसके अलावा फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरण खरीदने हेतु किसानों को 80 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जा रही है। राज्य सरकार, स्टेट मिलेट मिशन के तहत मिलेट्स का न्यूनतम समर्थन मूल्य पर क्रय कर पर्वतीय क्षेत्रों के किसानों को उनके मिलेट्स का सही मूल्य देने के लिए काम कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जैविक चाय बागान को बढ़ावा देने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिनमें धौलादेवी, मुन्स्यारी और बेतालघाट में जैविक चाय बागानों का रूपांतरण किया जाएगा। इसके साथ ही सगंध खेती को बढ़ावा देने के लिए राज्य में छह एरोमा वैली विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए क्लस्टर आधारित लगभग 18,000 पॉलीहाउस निर्माण की योजना की जानकारी दी, जिससे किसानों की आय बढ़ने के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। इसके अतिरिक्त, उत्तराखंड क्लाइमेट रिस्पॉन्सिव रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट के तहत लगभग 1000 करोड़ रुपए की लागत से वर्षा आधारित खेती को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का कार्य शुरू किया गया है। राज्य में एप्पल और किवी मिशन पर भी काम किया जा रहा है।

समाज कल्याण विभाग की भूमिका को अहम बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि सरकारी योजनाओं और सेवाओं को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाने में नव-नियुक्त अधिकारी अहम भूमिका निभाएंगे।

मुख्यमंत्री ने राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं को पूरी पारदर्शिता से सम्पन्न किया गया, जिसका परिणाम यह है कि पिछले तीन साल में 20,000 से अधिक युवाओं को राज्य की सरकारी सेवाओं में नियुक्ति मिली है।

कृषि मंत्री श्री गणेश जोशी ने समस्त चयनित वर्ग-2 और वर्ग-3 के अभ्यर्थियों और उनके परिवार को बधाई दी और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी का आभार भी जताया और विश्वास जताया कि ये नव-नियुक्त अधिकारी प्रदेश के किसानों की उन्नति में अहम भूमिका निभाएंगे।

इस अवसर पर विधायक श्रीमती सविता कपूर, प्रमोद नैनवाल, सचिव श्री एस.एन.पाण्डेय, डॉ. नीरज खैरवाल, महानिदेशक कृषि एवं उद्यान श्री रणवीर सिंह चौहान, निदेशक उद्यान सुश्री दीप्ति सिंह, निदेशक समाज कल्याण श्री प्रकाश चंद और निदेशक कृषि श्री के.एस. पाठक भी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles