मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण – प्रभावितों का दुःख साझा करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा

मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण – प्रभावितों का दुःख साझा करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा
Spread the love

चमोली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद चमोली के नंदानगर क्षेत्र में आपदा से हुए नुकसान का स्थलीय व हवाई निरीक्षण कर प्रभावितों का हाल जाना और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी तरह से प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की सहायता राशि के चेक भी प्रदान किए।

मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित कुंतारी लगा फाली और कुंतारी लगा सरपाणी गांवों का स्थलीय निरीक्षण करने के साथ ही धुर्मा, मोख, कुंडी, बांसबारा और मोखमल्ला गांवों का हवाई सर्वेक्षण किया। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत आकलन कर राहत एवं रेस्टोरेशन कार्यों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युद्धस्तर पर चल रहे बचाव कार्यों को और तेज किया जाए तथा विद्युत, पेयजल और सड़क संपर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं की बहाली को प्राथमिकता दी जाए।

जिलाधिकारी चमोली श्री संदीप तिवारी ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। अब तक 12 घायलों को हेलीकॉप्टर से हायर सेंटर रेफर किया गया है, जिनमें से एक को एम्स ऋषिकेश तथा 11 को मेडिकल कॉलेज श्रीनगर भेजा गया है। कुंतरी लगा फाली, सरपाणी, धुर्मा, सेरा और मोख में लगभग 45 भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं और 15 गौशालाएं नष्ट हुई हैं। इन क्षेत्रों में 8 पशुओं की मृत्यु और 40 पशुओं के लापता होने की सूचना है। प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री, आश्रय, स्वास्थ्य सेवाएं और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

इस अवसर पर जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, विधायक थराली श्री भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री गजपाल बर्तवाल, पुलिस अधीक्षक श्री सर्वेश पंवार, एसडीएम चमोली श्री आर.के. पाण्डेय सहित जनपद के अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles