पिथौरागढ़ में स्वच्छता शपथ और श्रमदान अभियान आयोजित
पिथौरागढ़। सेवा पर्व पखवाड़ा के अंतर्गत “स्वच्छता ही सेवा” अभियान आज जनपद पिथौरागढ़ में वृहद स्तर पर आयोजित किया गया। “1 दिन – 1 घंटा – 1 साथ” थीम के तहत एनसीसी कैडेट्स, एसएसबी जवानों, अधिकारियों-कर्मचारियों और जनपद के गणमान्य नागरिकों ने स्वच्छता शपथ ली और विभिन्न स्थलों पर श्रमदान कर सफाई अभियान चलाया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 8 बजे शपथ ग्रहण से हुई। इसके बाद नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों ने शहरी क्षेत्रों में जबकि पंचायती राज विभाग एवं विकास खण्ड कार्यालयों ने ग्रामीण क्षेत्रों में सफाई अभियान संचालित किया।
चंडाक क्षेत्र में नगर निगम पिथौरागढ़ और पंचायती राज विभाग द्वारा बड़े पैमाने पर अभियान चलाया गया, जिसमें अधिकारियों ने भाग लेकर क्षेत्र की सफाई की और आमजन को महात्मा गांधी के स्वच्छता विचारों को अपनाने का संदेश दिया।
शपथ में संकल्प लिया गया कि कोई भी गंदगी नहीं करेगा, न किसी और को करने देगा; स्वयं, परिवार, मोहल्ला, गाँव और कार्यस्थल से स्वच्छता की शुरुआत करेगा; प्रतिवर्ष 100 घंटे श्रमदान करेगा और कम से कम 100 अन्य व्यक्तियों को प्रेरित करेगा।
अधिकारियों ने गांधीजी के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस भारत का सपना उन्होंने देखा था उसमें स्वतंत्रता के साथ स्वच्छ और विकसित भारत की परिकल्पना भी थी। गंदगी को दूर करना सबका कर्तव्य है और यही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चलेगा।
चंडाक सफाई अभियान में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष नबियाल, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी सहित अनेक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
