सीएम योगी और सीएम धामी ने पौड़ी में किया विद्यालयों का लोकार्पण
पौड़ी।उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को पौड़ी जिले के यमकेश्वर विकासखंड में राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठांगर के नव निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्य का लोकार्पण किया। साथ ही, ग्राम पंचुर बारात घर का भी उद्घाटन किया। इस अवसर पर दोनों मुख्यमंत्रियों ने स्कूल के बच्चों से संवाद किया और विद्यालयों का अवलोकन किया। इसके अलावा, आईजीएल (इंडिया ग्लाइकोल्स लिमिटेड) की वार्षिक पुस्तिका का विमोचन भी किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उन्होंने राजकीय प्राथमिक विद्यालय ठांगर में कक्षा 5 तक पढ़ाई की है और अपने पुराने विद्यालय में लौटकर उन्हें विशेष खुशी हो रही है। उन्होंने उत्तराखंड सरकार और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को शिक्षा में सुधार के लिए किए जा रहे कार्यों के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री योगी ने बताया कि आईजीएल द्वारा स्मार्ट क्लासरूम, अत्याधुनिक लैब, वॉशरूम और वर्चुअल क्लास जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे शिक्षा की गुणवत्ता में बड़ा बदलाव आ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार और समाज मिलकर यदि शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दें, तो सरकारी विद्यालयों का कायाकल्प किया जा सकता है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री योगी का उत्तराखंड आगमन पर स्वागत किया और कहा कि योगी आदित्यनाथ का जीवन प्रेरणास्रोत है, जो यह दर्शाता है कि संकल्प और पुरुषार्थ से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने के लिए विभिन्न आधुनिक संसाधन उपलब्ध करा रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने योगी आदित्यनाथ से गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तारित करने का आग्रह किया और कहा कि उत्तराखंड सरकार “विकल्प रहित संकल्प” के मंत्र पर काम कर रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, विधायक रेनू बिष्ट, आईजीएल प्रवर निदेशक उमाशंकर भारतिया, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुणवंत सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

