रायपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था में विफलता के गंभीर आरोप

रायपुर में युवती से सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा सरकार पर कानून व्यवस्था में विफलता के गंभीर आरोप
Spread the love

देहरादून, रायपुर क्षेत्र में टाटा मैजिक में युवती से सामूहिक दुष्कर्म की घटना को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। एश्ले हॉल चौक पर महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य की भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। इस विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्य की भाजपा सरकार को कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पूरी तरह से विफल करार दिया गया।

गोगी ने कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराधों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और सरकार पूरी तरह असहाय दिखाई दे रही है। उन्होंने अंकिता भंडारी से लेकर रुद्रपुर में नर्स के साथ दुष्कर्म और हत्या की घटना का उदाहरण देते हुए कहा कि अपराधों का सिलसिला लगातार जारी है। हाल ही में देहरादून के आईएसबीटी में दुष्कर्म की घटना और अब राज्य की राजधानी में टाटा मैजिक के अंदर दिनदहाड़े युवती के साथ हुई दुष्कर्म की वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

गोगी ने आरोप लगाया कि भाजपा के शासन में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं। उन्होंने कहा कि देवभूमि में डकैती से लेकर बलात्कार जैसे संगीन अपराधों में भारी वृद्धि हो रही है और राज्य की सरकार इन्हें रोकने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने मांग की कि इस जघन्य अपराध में शामिल दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राजधानी के व्यस्त क्षेत्र में, जहां पुलिस की मौजूदगी भी होती है, इस तरह की घटना मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के लिए शर्मनाक है।

गोगी ने यह भी कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता तब तक चुप नहीं बैठेंगे जब तक पीड़ित किशोरी को न्याय नहीं मिल जाता। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था की स्थिति पर सरकार की तीखी आलोचना की और कहा कि मुख्यमंत्री का प्रशासन पर कोई नियंत्रण नहीं रह गया है।

इस विरोध प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष पूरण सिंह रावत, मोहन थापली, सावित्री थापा, मनमोहन शर्मा, ललित बदी, अभिषेक तिवारी, संजय गौतम, लक्की राणा, शिवम्, सूरज छेत्री, मुकीम अहमद, मंजू चौहान, वीरेंद्र पवार, पूनम कंडारी, परदीप कुमार, निधि, नीरज, राम सिंह, वंदना रही, मीना, शजाद अंसारी, रवि हसन, आदर्श, अशोक कुमार, हरिंद्र सिंह बेदी, शजाद अली, भूपेंद्र यादव, जगल सिंह, निहूल सिंह सहित अन्य कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles