चारधाम यात्रा में लापरवाही,यात्रियों की संख्या में गिरावट, घोड़ा-खच्चरों की मौत और डीजे की अनुमति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल

चारधाम यात्रा में लापरवाही,यात्रियों की संख्या में गिरावट, घोड़ा-खच्चरों की मौत और डीजे की अनुमति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार व प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

दसौनी ने कहा कि वर्ष 2025 की यात्रा की शुरुआत में 2024 की तुलना में 26% यात्रियों की कमी दर्ज की गई है, जो राज्य की आजीविका पर निर्भर लाखों लोगों के लिए चिंता का विषय है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को घोड़ा-खच्चरों में फैलने वाले इन्फ्लूएंजा वायरस की जानकारी पहले से थी, फिर भी समय रहते इलाज और रोकथाम के उचित कदम नहीं उठाए गए। परिणामस्वरूप अब तक 14 घोड़ा-खच्चरों की मौत हो चुकी है और संचालन रोक दिया गया है, जिससे उच्च हिमालयी क्षेत्रों में राशन, पूजन सामग्री और बुजुर्ग तीर्थयात्रियों की आवाजाही प्रभावित हो रही है।

दसौनी ने केदारनाथ धाम में डीजे साउंड और भौंडे नृत्य पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि यह सनातन परंपरा और आध्यात्मिक वातावरण का अपमान है। उन्होंने पूछा कि संवेदनशील हिमालयी क्षेत्र में तेज म्यूजिक सिस्टम ले जाने की अनुमति प्रशासन क्यों दे रहा है, जबकि इससे वाइब्रेशन और साउंड पॉल्यूशन का खतरा और बढ़ जाता है।

उन्होंने हेलीकॉप्टर क्रैश में सात लोगों की मौत को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया और यात्रा प्रबंधन में प्रशासन की गंभीरता पर सवाल उठाए।

दसौनी ने मांग की कि सरकार को चारधाम यात्रा के प्रति अधिक संवेदनशीलता और तत्परता दिखानी चाहिए।

देवभूमि खबर

Related articles