उत्तराखंड में कांग्रेस को मजबूती, कई नेताओं ने थामा पार्टी का दामन

उत्तराखंड में कांग्रेस को मजबूती, कई नेताओं ने थामा पार्टी का दामन
Spread the love

नई दिल्ली/देहरादून।उत्तराखंड की राजनीति में कांग्रेस ने अपनी स्थिति मजबूत होने का दावा करते हुए कई नेताओं के पार्टी में शामिल होने की जानकारी दी है। पार्टी की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी शैलजा ने कहा कि राज्य से कई साथी कांग्रेस की विचारधारा के प्रति समर्पित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं।

पार्टी में शामिल होने वालों में राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीमलाल आर्या, गौरव गोयल, लाखन सिंह और अनुज गुप्ता प्रमुख हैं। कांग्रेस नेतृत्व ने इन सभी का स्वागत करते हुए इसे संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार और जनअसंतोष के आरोप
कुमारी सैलजा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और कई मामलों का खुलासा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया है। उन्होंने दावा किया कि हाल के प्रदर्शनों में आम जनता का भी समर्थन मिला, जिससे सरकार के प्रति असंतोष स्पष्ट है।
उन्होंने मुख्यमंत्री  की कार्यशैली पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि छवि सुधार के प्रयासों के बावजूद वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ चुकी है।

उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि राज्य के लोग उम्मीद के साथ कांग्रेस की ओर देख रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग पार्टी से जुड़ना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि नए शामिल हुए साथियों ने कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने और वर्ष 2027 में राज्य में कांग्रेस सरकार बनाने का संकल्प लिया है।

कांग्रेस नेताओं के इन बयानों के साथ ही उत्तराखंड में राजनीतिक गतिविधियां तेज होती नजर आ रही हैं। आगामी चुनावों को देखते हुए सभी दल संगठन विस्तार और जनसंपर्क अभियान में जुटे हुए हैं।

देवभूमि खबर

Related articles