गोपेश्वर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सहकारिता मेले का हुआ शुभारंभ

गोपेश्वर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ सहकारिता मेले का हुआ शुभारंभ
Spread the love

गोपेश्वर पुलिस मैदान गोपेश्वर में सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय सहकारिता वर्ष के तहत जिला प्रशासन, सहकारिता विभाग और चमोली जिला सहकारी बैंक द्वारा आयोजित सहकारिता मेले का शुभारंभ सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुआ। मेले का उद्घाटन थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस दौरान विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा स्टॉल लगाए गए, वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश भी प्रसारित किया गया।

राज्य के सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि सहकारिता मेलों के आयोजन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और अब तक राज्य के 6 स्थानों पर आयोजित मेलों के माध्यम से 1 लाख से अधिक लोग लाभान्वित हो चुके हैं। उन्होंने सहकारिता में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी को सराहते हुए कहा कि सहकारी समितियों और अन्य पदों पर महिलाओं की उपस्थिति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। साथ ही उन्होंने बताया कि चमोली जिला सहकारी बैंक द्वारा जल्द ही जनपद में तीन नई शाखाओं का संचालन शुरू किया जाएगा।

थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार सहकारिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लघु एवं कुटीर उद्योगों को मजबूत करने की दिशा में कार्य कर रही हैं और सहकारिता विभाग ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त कर रहा है। उन्होंने कहा कि सहकारिता मेले स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ ही सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

मेले में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, नगर पालिका अध्यक्ष संदीप रावत तथा चमोली जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र रावत ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया। मेले में 22 विभागों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से योजनाओं की जानकारी दी, जबकि 15 स्वयं सहायता समूहों और स्वायत्त सहकारिताओं द्वारा स्थानीय उत्पादों का प्रदर्शनी एवं विपणन किया गया। इस अवसर पर चमोली जिला सहकारी बैंक की ओर से मुर्गी पालन, कृषि एवं दुग्ध व्यवसाय करने के इच्छुक 19 लाभार्थियों को 21 लाख के ऋण चेक वितरित किए गए, साथ ही ‘भारत दर्शन ऋण योजना’ एवं ‘मातृशक्ति सशक्तिकरण ऋण योजना’ का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम में राज्य मंत्री रामचंद्र गौड़, हरक सिंह, बलबीर घुनियाल, ब्लॉक प्रमुख बिनीता देवी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, सहकारिता विभाग के एआर बैशाख सिंह राणा, जिला सहकारी बैंक महाप्रबंधक सूर्य प्रकाश सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, महामंत्री अरुण मैठाणी, पूर्व पालिका अध्यक्ष पुष्पा पासवान, डॉ. हिमानी वैष्णव, सतेंद्र असवाल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles