जनपद रुद्रप्रयाग में अपराध समीक्षा गोष्ठी, एसपी ने थानाध्यक्षों को दिए कड़े निर्देश
रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक अक्षय कोंडे ने पुलिस कार्यालय सभागार में जनपद के सभी थानाध्यक्षों और विवेचकों के साथ अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित अपराधों की समीक्षा करते हुए विवेचकों को विशेष टास्क सौंपे और धोखाधड़ी व साइबर ठगी के मामलों में टीमें गठित कर कार्रवाई तेज करने के आदेश दिए। गंभीर अपराधों में फील्ड यूनिट की अनिवार्य विजिट, नेटग्रिड सहित नई तकनीकों के उपयोग, महिलाओं और बच्चों के प्रति अपराधों पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई तथा उत्तराखण्ड पुलिस एप और ई-एफआईआर प्रणाली को जन-जन तक पहुंचाने पर बल दिया।
एसपी ने थानाध्यक्षों को सीएम हेल्पलाइन पोर्टल और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने, शिकायतकर्ता से सीधे संवाद स्थापित करने, मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत शराब पीकर गाड़ी चलाने, तेज गति, ओवरलोडिंग और तीन सवारी बैठाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही एनसीआरपी, निदान पोर्टल, क्राइमैक, मानस और समन्वय सहित अन्य पोर्टलों की नियमित जांच, जमानत व पेरोल पर आए अभियुक्तों की निगरानी, किरायेदारों, मजदूरों व बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन, गुमशुदा और अज्ञात शवों की खोज तथा माल मुकदमाती के निस्तारण के आदेश भी दिए।
उन्होंने सभी पुलिस कर्मियों को जनता के साथ अच्छे व्यवहार, उच्चस्तरीय टर्नआउट, अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने की हिदायत दी। बारिश के चलते आपदा से निपटने की तैयारियों पर जोर दिया गया और नशे व अवैध शराब के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने विशेष रूप से केदारनाथ धाम यात्रा के द्वितीय चरण को सुरक्षित व सफलतापूर्वक सम्पन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अपराध समीक्षा गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सोनप्रयाग राकेन्द्र सिंह कठैत, थाना प्रभारी ऊखीमठ मुकेश चौहान, निरीक्षक यातायात कैलाश शर्मा, निरीक्षक अभिसूचना मनोज बिष्ट, निरीक्षक संचार प्रमोद पेटवाल, थानाध्यक्ष अगस्त्यमुनि महेश रावत, थानाध्यक्ष गुप्तकाशी कुलदीप चौहान, अग्निशमन अधिकारी गणनाथ सिंह सहित सभी विवेचक व अधिकारी उपस्थित रहे।
