नदी-नालों के किनारे सरकारी व रिहायशी भवनों की सुरक्षा हेतु तटबंध बनाने की मांग – जन संघर्ष मोर्चा ने राजभवन को भेजा पत्र

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी ने राजभवन और मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर नदी, नालों और खालों के किनारे स्थित सरकारी, व्यावसायिक और रिहायशी भवनों की सुरक्षा हेतु बड़े पैमाने पर तटबंध बनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि लगातार घटित हो रही प्राकृतिक आपदाओं के कारण जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है, जिसे रोकने के लिए ठोस कदम उठाना आवश्यक है।
नेगी ने कहा कि सरकार को पहले से बने ऐसे भवनों—जैसे स्कूल, जेल, थाना, मानसिक अस्पताल, आर्मी कॉलोनी, व्यावसायिक प्रतिष्ठान, अस्पताल और फैक्ट्रियां—की सुरक्षा के लिए बड़े-बड़े तटबंध स्थापित करने चाहिए। उन्होंने जोर दिया कि भविष्य में किसी भी प्रकार की आपदा में नुकसान को न्यूनतम करने के लिए यह कदम आवश्यक है।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार को अब नदी-नालों के किनारे नए निर्माण पर सख्त रोक लगाने के साथ-साथ, पहले से बने भवनों को बचाने के लिए प्रभावी उपाय करने चाहिए। नेगी ने धराली और उत्तरकाशी जैसी हालिया आपदाओं से सबक लेने की भी अपील की।

