सम-सामयिक विषयों पर अध्ययन करेगा देवभूमि विचार मंच : भगवती प्रसाद राघव
देहरादून।देवभूमि विचार मंच कार्यालय, नेहरू कॉलोनी, देहरादून में देहरादून महानगर की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए श्री भगवती प्रसाद “राघव”, क्षेत्रीय संयोजक उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड ने कहा कि हमें सम-सामयिक विषयों पर मौलिक शोध व अध्ययन संचालित करने हेतु प्रयास करना होगा और इसके लिए शोध केंद्रों में नियमित अंतराल पर पाक्षिक व मासिक बैठक आयोजित करने की आवश्यकता है। उन्होंने आपदा की चुनौतियाँ, वनाग्नि, जंगली जानवरों का बढ़ता प्रकोप तथा राज्य की बदलती डेमोग्राफी जैसे विषयों पर प्रामाणिक शोध एवं समाधान के उपाय सुझाने पर जोर दिया।
श्री राघव ने कहा कि आज विश्व भारतीय ज्ञान परंपरा से प्रभावित है। आवश्यकता है कि हम अपनी विशाल सांस्कृतिक परंपरा को समझें और उससे नई पीढ़ी का साक्षात्कार कराएँ। इस क्रम में आगामी बसंत पंचमी को सभी शिक्षण संस्थानों में पूरे उत्साह के साथ सरस्वती पूजन का कार्यक्रम कराया जाए, जिसमें विद्यार्थियों की भागीदारी अधिक से अधिक हो, तथा बसंत पंचमी से पूर्व गढ़वाल एवं कुमाऊँ मंडल की आभासी माध्यम से बैठक आयोजित की जाए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए देवभूमि विचार मंच के अध्यक्ष श्री पृथ्वी धर काला ने कहा कि सरस्वती पूजा के अवसर पर किसी एक विद्वान को बौद्धिक हेतु आमंत्रित किया जाए, जिससे हम सरस्वती पूजा के महत्व व सार्थकता को आज के संदर्भ में समझ सकें। कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन श्री कृष्णचंद्र मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर महानगर संयोजक डॉ. रीना चंद्रा, प्रांत संयोजक डॉ. अंजली वर्मा, राज्य प्रचार आयाम के संयोजक प्रो. एच.सी. पुरोहित, डॉ. सुनैना रावत, डॉ. शैलेंद्र सिंह, डॉ. एकता त्रिपाठी, सौरभ शर्मा, डॉ. सुमन सिंह गुसाईं, डॉ. कविता काला आदि सदस्य उपस्थित रहे।
