चारधाम यात्रा से पहले धामी सरकार का बड़ा कदम, 45 विशेषज्ञ डॉक्टरों की राज्य भर में तैनाती

देहरादून। चारधाम यात्रा के शुभारंभ से पहले धामी सरकार ने राज्यवासियों को एक बड़ी सौगात दी है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 45 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से आदेश संख्या 293157/2025 के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों को उनकी विशेषज्ञता के अनुसार जिला चिकित्सालयों, उप जिला चिकित्सालयों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया गया है।
इनमें सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, एनेस्थीसिया, बाल रोग, नेत्र रोग, कान-नाक-गला, फॉरेंसिक मेडिसिन और जनरल मेडिसिन विभागों के डॉक्टर शामिल हैं।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के प्रयास लगातार जारी हैं। सीमांत गांवों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
स्वास्थ्य सचिव ने बताया कि यह सभी डॉक्टर विभाग द्वारा पीजी करने भेजे गए थे और कोर्स पूर्ण होने के बाद उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में तैनात किया गया है। चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाना अनिवार्य था। इन विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती से आपातकालीन सेवाओं से लेकर सामान्य इलाज तक उल्लेखनीय सुधार होगा।
डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को दूर करने के प्रयासों के तहत पहले भी पर्वतीय जिलों में तैनाती की गई थी। विशेषज्ञ डॉक्टरों की इस नई नियुक्ति से कई जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति में व्यापक सुधार आएगा। मरीजों को अब इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा।
**जिन जिलों को मिले विशेषज्ञ डॉक्टर:** पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी गढ़वाल, अल्मोड़ा, चंपावत, बागेश्वर और हरिद्वार सहित अन्य जिलों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की गई है।
**विशेषज्ञताओं के अनुसार तैनाती का विवरण:**
– एनेस्थीसिया : 12 डॉक्टर
– सर्जरी : 5 डॉक्टर
– बाल रोग विशेषज्ञ : 4 डॉक्टर
– स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ : 4 डॉक्टर
– कान-नाक-गला (ENT) : 5 डॉक्टर
– नेत्र रोग विशेषज्ञ : 2 डॉक्टर
– फॉरेंसिक मेडिसिन : 1 डॉक्टर
– जनरल मेडिसिन व अन्य : 10 डॉक्टर
चारधाम यात्रा के दौरान उच्च हिमालयी क्षेत्रों में स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को देखते हुए हाई-एल्टीट्यूड मेडिसिन, कार्डियक इमरजेंसी और ट्रॉमा केयर के लिए भी अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील जिलों में विशेषज्ञ डॉक्टरों की विशेष तैनाती की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी चिकित्सकों को निर्देशित किया है कि वे शीघ्र अपने नवीन तैनाती स्थलों पर कार्यभार ग्रहण करें। निर्धारित समय पर कार्यभार ग्रहण न करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



