दुर्घटनाओं से हो रही मौतों को रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्य करें: डीएम

Spread the love
रुद्रपुर ।देवभूमि खबर। जिलाधिकारी डा. नीरज खैरवाल सभी उप जिलाधिकारी, परिवहन, लोनिवि एवं एनएचएआई के अधिकारी को निर्देश दिए कि आपसी समन्वय बनाकर आए दिन वाहन दुर्घटनाओं से हो रही मौतों को रोकने के लिए ठोस रणनीति बनाकर कार्य करें। इसके लिए वाहन चालकों को प्रशिक्षित करने के साथ ही ट्रेफिक के नियमों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए।
   परिवहन विभाग के तत्वाधान में आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि जीरो टोलरेंस पर आगामी एक जनवरी से अभियान चलाकर यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी दुपहिया वाहन बिना हैलमेट के नहीं चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना हैलमेट वालों को ईधन भी उपलब्ध न कराया जाए। उन्होंने एसडीएम को निर्देश दिए कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक मुहिम चलाए तथा लोगों को जागरूक भी करें। उन्होंने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुलिस चौक पोस्टों के सामने से कोई भी दुपहिया वाहन बिना हैलमेट चलाते हुए पाए जाए तो उस पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। डीएम ने लोनिवि एवं एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि व आपसी समन्वय बनाकर दुर्घटना सम्भावित क्षेत्रों में साइनेज, स्पीड ब्रेकर एवं चेतावनी बोर्ड लगाए जाए। साथ ही वाहनों पर पीछे से रेडियम लाईट भी लगाए जाय। उन्होंने लोनिवि के अधिकारियों को निर्देश दिए कि काशीपुर रोड में मोहतोष मोड़ पर जो कट बना है उसका परीक्षण कर लिया जाय तथा गलत साइट से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएं बड़े वाहनों के गलत दिशा से वाहन चलाने से होती हैं। उन्होंने उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि वाहनों द्वारा जो दुर्घटनाएं होती है, उनकी जांच भी अनिवार्य रूप से की जाए।
डीएम ने परिवहन महकमे के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह वाहन लाइसेंस बनाने के लिए ठोस कार्य योजना बनाएं तथा पूरी जांच पड़ताल के बाद लोगों को लाईसेंस जारी किए जाएं। किसी भी दशा में अकुषल व अवयस्क व्यक्ति को वाहन लाईसेन्स जारी न किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सरकारी महकमों के वाहन चालकों को प्रेक्टिल रूप से सरल भाषा में वास्तविक रूप से प्रशिक्षण दिया जाए।
एसएसपी डा. सदानंद दाते ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाएं चिंता का विषय हैं, लिहाजा बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए गंभीरता से कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी पुलिस के साथ समन्वय बनाकर सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने का कार्य करें। बैठक में एडीएम प्रताप सिंह शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट रोहित मीणा व विनीत तोमर, एसडीएम पूरन सिंह राणा, विजयनाथ शुक्ल, विनोद कुमार, दयानंद सरस्वती, एआरटीओ नन्द किशोर, रामप्रकाश राठौर, अनिता चन्द्र, ईई लोनिवि एमआर आर्य, जेसी पन्तोला, विनोद कुमार, आरएएफ के सुभाष कुमार समेत नगर निगम, नगर पालिका आदि विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

देवभूमि खबर

Related articles