किसानों की आय दोगुनी करने में जुटें अभी से: डीएम

Spread the love
पौड़ी ।देवभूमि खबर। देर सायं विकास भवन सभागार में किसानों की आय दोगुनी करने, कलस्टर बेस खेती करने, फलोद्यान, फलोत्पादन, डेयरी, पशुपालन, मौसमी व बेमौसमी सब्जी उत्पादन, किसान क्रेडिट कार्ड, सगन्ध पादप, विपणन, मृदा परीक्षण, उद्योग स्थापना के साथ ही मिशन अन्त्योदय के कार्यकलापों की प्रगति समीक्षा को लेकर जिलाधिकारी सुशील कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी ने सभी रेखीय विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक विकास खंड में 10 हैक्टेयर क्षेत्र में कलस्टर बेस खेती का कार्य तेजी से शुरू करने के निर्देश दिये। उन्होंने जिला स्तरीय अधिकारियों को मिशन अन्त्योदय के तहत सभी ब्लाकों में समग्र विकास किये जाने के भी निर्देश दिये। उन्होंने अधिकारियों से काश्तकारों का सहयोग लेकर क्षेत्र विशेष की जलवायु का परीक्षण कर वहां अखरोट, कीवी, आडू, अनार आदि फलोत्पादन बढ़ाकर किसानों की आमदनी को दोगुनी करने के लक्ष्य प्राप्ति हेतु अभी से कार्य में जुट जाने को कहा। उन्होंने कृषि के क्षेत्र में स्थानीय फसलों को विशेष रूप से बढ़ावा देने के लिए अधिकारियों को काश्तकारों की हर सम्भव सहायता करने के भी निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने कृषि क्षेत्र में स्थानीय फसलें कोदा, झंगोरा, लहसुन, हल्दी, चौलाई, गहथ, मसूर, भट्ट समेत अन्य फसलों के बेहतर उत्पादन के लिए कृषि यंत्र व उपकरण, दवाईयां, कीटनाशक तथा प्रमाणित बीज भी तय समय पर काश्तकारों को मुहैया कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने पशुपालन महकमे को अच्छी नस्ल की गायें तथा कुकुट पालन, भेड़ व मौन पालन आदि के भी कलस्टर तैयार के निर्देश दिये। उन्होंने उद्यान विभाग को अधिकतर कलस्टर क्षेत्र में फलसब्जियों का विकास करने, मौसमी व बेमौसमी सब्जियों उत्पादन के साथ ही कीवी, आड़ू, अखरोट जैसे अच्छी आमदनी वाली फसलों के उत्पादन की जानकारी काश्तकारों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये। जिलाधिकारी ने जनपद के थलीसैंण, बीरोंखाल तथा नैनीडांडा क्षेत्र में कलस्टर युक्त खेती को और अधिक बढ़ावा दिये जाने पर जोर दिया। उन्होंने काश्तकारों को हल्दी तथा बड़ी इलायची उत्पादन के क्षेत्र में कार्य करने के लिए काश्तकारों को जागरूक किये जाने की जरूरत जताई। इसके अलावा उन्होंने उद्योग स्थापना, सहकारिता, डेयरी, जलागम समेत अन्य विभागों के अधिकारियों से कलस्टर बेस खेती के प्रस्तावों को क्रियान्वयन करने में आपसी तालमेल बनाये जाने पर जोर दिया। इस मौके पर परियोजना निदेशक एसएस शर्मा, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, मुख्य कृषि अधिकारी डा. डीएस राणा, एपीडी सुनील कुमार, डीपीआरओ एमएम खान, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक हरेराम यादव समेत रेखीय विभागों को अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles