नैनीताल के बी डी पांडे अस्पताल में डीएम की छापेमारी, खामियों पर जताई सख़्ती

नैनीताल के बी डी पांडे अस्पताल में डीएम की छापेमारी, खामियों पर जताई सख़्ती
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के राजकीय बी डी पांडे अस्पताल में लगातार मिल रही अनियमितताओं की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी वंदना सिंह ने अचानक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक्सरे मशीन, ऑक्सीजन सिस्टम समेत कई तकनीकी खामियां मिलीं। इस पर डीएम ने सीएमओ और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी कमियां हैं उन्हें तत्काल दूर किया जाए ताकि मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि बी डी पांडे अस्पताल पहाड़ों से आने वाले मरीजों के लिए एकमात्र बड़ा अस्पताल है, जहां रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल की व्यवस्था दुरुस्त रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अस्पताल भवन पुराना हो चुका है, जिसके सुधार के लिए खनन न्यास समिति से बजट स्वीकृत हो चुका है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं डॉक्टरों और अन्य स्टाफ की कमी को लेकर शासन को प्रस्ताव भेजा गया है, जिससे जल्द समाधान कर जनता को राहत दी जाएगी।

डॉक्टरों का उत्साह बढ़ाते हुए डीएम वंदना सिंह ने कहा कि हल्द्वानी और अन्य अस्पतालों के डॉक्टरों और यहां के डॉक्टरों में कोई अंतर नहीं है। सभी ने समान शिक्षा प्राप्त की है, फर्क सिर्फ कामकाज और सुविधाओं का है। उन्होंने कहा कि अगर जांच मशीनें खराब हैं तो उन्हें तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा। चिकित्सकों से उन्होंने कहा कि मरीजों से संवाद का तरीका सुधारे, कई समस्याएं अपने आप ही समाप्त हो जाएंगी।

निरीक्षण के दौरान डीएम ने महिला और पुरुष अस्पतालों के विभिन्न वार्डों का जायजा लिया। इनमें ओपीडी, सीनियर सिटीजन रूम, सीटी स्कैन, एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, ऑर्थो वार्ड, जिरियाट्रिक वार्ड, आईसीयू, ऑक्सीजन पंप, चिल्ड्रन वार्ड, बर्न वार्ड, जर्नल वार्ड, एनबीएसयू और लेबर रूम शामिल थे। उन्होंने सभी जिम्मेदार अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मरीजों की सुविधा सर्वोपरि है और सभी खामियों को दूर करने के लिए तत्काल कार्रवाई की जाए।

देवभूमि खबर

Related articles