डीएम सविन बंसल की पहल, विधवा क्षमा परवीन का ऋण ओटीएस से निस्तारित, शेष राशि भी कराई जमा
देहरादून। जिला प्रशासन देहरादून ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए असहाय विधवा क्षमा परवीन को बड़ी राहत प्रदान की है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर उनके बैंक ऋण को वन टाइम सेटलमेंट (ओटीएस) के माध्यम से निस्तारित कराया गया तथा बैंक से एनओसी और नो-ड्यूज प्रमाण पत्र जारी करवाया गया। सेटलमेंट के बाद बची 33 हजार रुपये की राशि भी जिलाधिकारी के निर्देश पर जमा कराई गई।
क्षमा परवीन ने वर्ष 2014 में अपनी बड़ी बेटी के विवाह के लिए DCB Bank से लगभग सवा लाख रुपये का ऋण लिया था। उसी वर्ष उनके पति का निधन हो गया, जबकि वर्ष 2020 में कोविड-19 के दौरान उनकी विवाहित बेटी की मृत्यु हो गई। लगातार विपरीत परिस्थितियों और पारिवारिक जिम्मेदारियों के चलते वह ऋण चुकाने में असमर्थ रहीं।
वर्तमान में क्षमा परवीन पर तीन अविवाहित बेटियों, एक पुत्र तथा पांच वर्षीय नातिन के भरण-पोषण और शिक्षा की जिम्मेदारी है। मामले की जानकारी मिलने पर जिलाधिकारी ने त्वरित संज्ञान लेते हुए न केवल बैंक ऋण का समाधान कराया, बल्कि परिवार के पुनर्वास के लिए भी आवश्यक कदम उठाए।
प्रशासन ने उनकी छोटी बेटी फैजा की शिक्षा को “नंदा-सुनंदा योजना” के अंतर्गत पुनर्जीवित करते हुए 27 हजार रुपये की फीस जमा कराई। वहीं, पांच वर्षीय नातिन आयरा का आरटीई के तहत नजदीकी निजी विद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित कराया गया। प्रवेश में आ रही आय प्रमाण पत्र की बाधा को दूर करते हुए मौके पर ही प्रमाण पत्र जारी किया गया।

