डोईवाला के उपशिक्षा अधिकारी रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार, सतर्कता टीम की कार्रवाई
देहरादून। सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डोईवाला के उपशिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट और एक महिला को ₹1 लाख की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में दर्ज मुकदमा संख्या 7/2026 के तहत यह कार्रवाई की गई। आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट, जो वर्तमान में उपशिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खंड शिक्षा अधिकारी, डोईवाला के पद पर तैनात हैं, पर शिक्षा का अधिकार (RTE) अधिनियम के तहत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति बिल के भुगतान के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप था।
शिकायत के आधार पर सतर्कता टीम ने जाल बिछाते हुए 1 अप्रैल 2026 को कार्रवाई की और आरोपी अधिकारी को पुष्पांजलि (निवासी डालनवाला, देहरादून) के साथ ₹1,00,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। पुष्पांजलि वर्तमान में ऋषिकेश स्थित एक निजी विद्यालय से जुड़ी बताई जा रही हैं।
सतर्कता टीम द्वारा दोनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

