कैण्ट क्षेत्र की चोरी का दून पुलिस ने किया खुलासा – शातिर चोर गिरफ्तार, 4 लाख की ज्वैलरी व नगदी बरामद

कैण्ट क्षेत्र की चोरी का दून पुलिस ने किया खुलासा – शातिर चोर गिरफ्तार, 4 लाख की ज्वैलरी व नगदी बरामद
Spread the love

देहरादून। कोतवाली कैण्ट क्षेत्र में हुई चोरी की वारदात का दून पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से लगभग चार लाख रुपये मूल्य की ज्वैलरी, नगदी और अन्य सामान बरामद किया गया है।

घटना 05 सितंबर 2025 की रात की है। वादी रवि मल्होत्रा पुत्र सूरज प्रकाश मल्होत्रा निवासी सैयद मल्होत्रा, किशन नगर चौक थाना कैण्ट, देहरादून ने कोतवाली कैण्ट पर तहरीर दी थी कि अज्ञात चोर उनके घर के ऊपर बने कमरे में घुसकर अलमारी तोड़कर ज्वैलरी और नगदी चोरी कर ले गए हैं। तहरीर के आधार पर तत्काल मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम को घटना के अनावरण और अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु लगाया गया। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास तथा आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज बारीकी से खंगाली। संदिग्ध व्यक्तियों के बारे में जानकारियां जुटाई गईं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया। साथ ही, पहले से इस तरह की वारदातों में शामिल रहे अभियुक्तों की गतिविधियों का भौतिक सत्यापन किया गया।

लगातार प्रयासों के बाद 07 सितंबर 2025 को पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। मुखबिर की सूचना पर चकराता रोड स्थित यमुना कॉलोनी भत्ता ग्राउंड के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने अभियुक्त जाकिर अंसारी पुत्र इनाम, निवासी सैयद मोहल्ला बिंदाल, थाना कैण्ट, उम्र 45 वर्ष को चोरी की गई ज्वैलरी के साथ गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्त ने कबूला कि वह नशे का आदी है। नशे की लत पूरी करने और दोस्तों व परिचितों से लिए गए कर्ज को उतारने के लिए उसने इस चोरी की घटना को अंजाम दिया था। वह चोरी की गई ज्वैलरी को बेचने की फिराक में था लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।

पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में चोरी की गई ज्वैलरी (अनुमानित कीमत लगभग चार लाख रुपये), तीन हजार रुपये नगद, गणेश जी की पीली धातु की मूर्ति और तीन हाथ घड़ियां बरामद की हैं।

इस सफलता में उपनिरीक्षक विनयता चौहान (चौकी प्रभारी बिंदाल), कांस्टेबल मनोज उप्रेती, योगेश कुमार और अजय कुमार की अहम भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles