बाहरी राज्यों से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षा को लेकर दून पुलिस प्रतिबद्ध, लेकिन बिना गृह राज्य से सत्यापन के आने वालों पर होगी वैधानिक कार्यवाही
देहरादून। मसूरी माल रोड पर तीन युवकों द्वारा कश्मीरी युवक से अभद्रता करने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों युवकों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की है। यह वीडियो 23 अप्रैल 2025 की रात का पाया गया था, जिसके संबंध में किसी व्यक्ति द्वारा थाने में शिकायत नहीं की गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए 25 अप्रैल को तीनों युवकों को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने क्षेत्राधिकारी मसूरी को निर्देश दिए कि मसूरी में रह रहे कश्मीरी मूल के व्यापारियों व अन्य लोगों से संपर्क कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया जाए। इस पर क्षेत्राधिकारी मसूरी द्वारा संबंधित लोगों से वार्ता कर उन्हें निश्चिंत होकर अपने कार्यों में लगे रहने को कहा गया।
इस बीच एक राष्ट्रीय समाचार पत्र में यह खबर प्रकाशित हुई कि मसूरी में शॉल बेचने वाले 16 कश्मीरी विक्रेता मसूरी छोड़कर वापस चले गए हैं। इस खबर का संज्ञान लेते हुए एसएसपी देहरादून ने संबंधित कश्मीरी व्यक्तियों से संपर्क कर वास्तविक स्थिति की जानकारी ली। दो व्यक्तियों के नंबर प्राप्त होने पर उनसे स्वयं वार्ता कर उन्हें उनकी सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया। इन व्यक्तियों ने बताया कि वे घूम-घूमकर शॉल बेचते हैं और उसी क्रम में अन्य स्थानों पर गए हैं। उन्हें देहरादून लौटने के लिए आमंत्रित किया गया, जिस पर उन्होंने जल्द लौटने की बात कही।
एसएसपी देहरादून ने इस संबंध में कुपवाड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से भी वार्ता की तथा वहां के जनप्रतिनिधियों से अपील की कि वे कश्मीरी लोगों को देहरादून लौटने व यहां की सुरक्षा व्यवस्था के प्रति आश्वस्त करें।
मसूरी क्षेत्र में कश्मीरी मूल के निवासियों व व्यापारियों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस द्वारा संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही, सभी कश्मीरी दुकानदारों, फेरी वालों और मजदूरों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली गई। इनमें से किसी ने भी स्थानीय स्तर पर किसी प्रकार की परेशानी की बात नहीं कही और बताया कि वे वर्षों से शांति से मसूरी में कार्य कर रहे हैं।
समस्त घटनाक्रम से यह प्रतीत होता है कि उस रात की घटना से व्यथित होकर कुछ लोग स्वाभाविक रूप से मसूरी छोड़कर कश्मीर चले गए।
चार धाम यात्रा के चलते जिले में व्यापक सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है, जो मसूरी सहित सभी थाना क्षेत्रों में सक्रिय है। बाहरी राज्यों से देहरादून में आकर व्यापार या निवास करने वाले प्रत्येक व्यक्ति को अपने गृह राज्य से सत्यापन कराना अनिवार्य है। बिना सत्यापन के पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
