दून विश्वविद्यालय ने शुरू किया ‘डॉ. नित्यानंद हिमालय अध्ययन ऑनर’, इस वर्ष सच्चिदानंद भारती और पद्मश्री कल्याण सिंह रावत होंगे सम्मानित

दून विश्वविद्यालय ने शुरू किया ‘डॉ. नित्यानंद हिमालय अध्ययन ऑनर’, इस वर्ष सच्चिदानंद भारती और पद्मश्री कल्याण सिंह रावत होंगे सम्मानित
Spread the love

देहरादून। दून विश्वविद्यालय ने हिमालयी क्षेत्रों में अनुसंधान और समाजहित में कार्य करने वाले वैज्ञानिकों, शोधार्थियों और नागरिकों को सम्मानित करने के लिए ‘डॉ. नित्यानंद हिमालय अध्ययन ऑनर’ शुरू करने का निर्णय लिया है। विश्वविद्यालय के रिसर्च इनोवेशन सेल की बैठक में यह निर्णय लिया गया।

इस वर्ष यह सम्मान हिमालय में जल संरक्षण के लिए ‘चाल-खाल’ पर कार्य करने वाले सच्चिदानंद भारती और वृक्षारोपण के लिए अभिनव प्रयोग करने वाले ‘मैती’ आंदोलन के प्रणेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत को प्रदान किया जाएगा। इस प्रतिष्ठित सम्मान की प्रक्रिया को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा।

दून विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल की अध्यक्षता में हुई शोध अनुसंधान समिति की बैठक में हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय, श्रीनगर के पूर्व कुलपति प्रो. एस.पी. सिंह, डॉ. नित्यानंद हिमालय शोध एवं अध्ययन केंद्र के प्रोफेसर एमिनेंस प्रो. डी.डी. चौनियाल, शोध एवं अनुसंधान प्रकोष्ठ के समन्वयक डॉ. अरुण कुमार, भूगर्भ विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. विपिन कुमार और आंतरिक गुणवत्ता प्रकोष्ठ के प्रो. एच.सी. पुरोहित शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि यह सम्मान हर वर्ष उन विभूतियों को दिया जाएगा, जिन्होंने हिमालय में विभिन्न विषयों पर शोध और अनुसंधान कार्य किए हैं।

इसके तहत वर्ष 2026 के लिए आवेदन प्रक्रिया जुलाई 2025 के अंतिम सप्ताह में आमंत्रित की जाएगी। इच्छुक लोग सीधे आवेदन कर सकते हैं, साथ ही साइंस अकादमी के फेलो भी वैज्ञानिकों के नामों की संस्तुति कर सकते हैं।

इसके अलावा, विश्वविद्यालय ने निर्णय लिया है कि हर वर्ष डॉ. नित्यानंद की जयंती (9 फरवरी) को अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसमें देश-विदेश के शोधार्थी एवं विशेषज्ञ अपने शोध कार्य साझा करेंगे। इस सम्मेलन में प्रस्तुत उत्कृष्ट शोध पत्रों के लिए युवा वैज्ञानिकों और विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, जिससे युवा शोधकर्ताओं को प्रेरणा मिलेगी और हिमालयी अध्ययन को नई दिशा मिलेगी।

देवभूमि खबर

Related articles