डॉ. आशुतोष सयाना बने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के नियमित प्राचार्य

डॉ. आशुतोष सयाना बने श्रीनगर मेडिकल कॉलेज के नियमित प्राचार्य
Spread the love

देहरादून।शासन ने आदेश जारी कर डॉ. आशुतोष सयाना को राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर का नियमित प्राचार्य नियुक्त किया है। डॉ. सयाना इससे पहले चिकित्सा शिक्षा विभाग में निदेशक (2015 से अब तक) और दून मेडिकल कॉलेज देहरादून में प्राचार्य (2019 से 2024) जैसे अहम पदों पर रह चुके हैं। जनरल सर्जरी, ट्रॉमा केयर और मिनिमल एक्सेस सर्जरी के विशेषज्ञ माने जाने वाले डॉ. सयाना ने चिकित्सा शिक्षा और व्यावसायिक विकास को मजबूत बनाने में अहम योगदान दिया है। नियमित प्राचार्य बनाए जाने से श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को अनुभवी और दूरदर्शी नेतृत्व मिला है, जिससे शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्य और अधिक सुचारू रूप से संचालित होंगे। पूर्व प्राचार्य डॉ. सी.एम.एस. रावत के बाद वह अतिरिक्त प्रभार में कार्य कर रहे थे, किंतु अब शासन ने उन्हें नियमित जिम्मेदारी सौंप दी है।

डॉ. सयाना ने 1994 में जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज कानपुर से एमबीबीएस और 1999 में केजीएमसी लखनऊ से एमएस (जनरल सर्जरी) की उपाधि प्राप्त की। उन्होंने राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में सहायक प्रोफेसर, सह-प्रोफेसर और प्रोफेसर के रूप में सेवाएं दीं। इसके अलावा एच.एन.बी. उत्तराखण्ड चिकित्सा शिक्षा विश्वविद्यालय, देहरादून में रजिस्ट्रार और परीक्षा नियंत्रक के पद पर रहते हुए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। दिल्ली के कई प्रमुख अस्पतालों में सेवाएं देने के साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर शोध पत्र और प्रकाशन प्रस्तुत किए हैं। विभिन्न परिषदों में पदों पर रहते हुए भी उन्होंने चिकित्सा शिक्षा को मजबूती प्रदान की।

जिम्मेदारी मिलने पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री, चिकित्सा शिक्षा मंत्री और शासन के प्रति आभार व्यक्त करता हूं। गढ़वाल क्षेत्र के मेडिकल कॉलेज की जिम्मेदारी मिलने पर जनता को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा और मेरा संकल्प है कि श्रीनगर मेडिकल कॉलेज को देश के श्रेष्ठ मेडिकल कॉलेजों में शामिल किया जाए।

देवभूमि खबर

Related articles