डॉ. धन सिंह रावत ने 34 नव नियुक्त एक्स-रे तकनीशियनों को सौंपे नियुक्ति पत्र

डॉ. धन सिंह रावत ने 34 नव नियुक्त एक्स-रे तकनीशियनों को सौंपे नियुक्ति पत्र
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित 34 एक्स-रे तकनीशियनों को आज स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने नियुक्ति पत्र प्रदान किए। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के सभागार में आयोजित समारोह में डॉ. रावत ने कहा कि एक्स-रे तकनीशियन स्वास्थ्य तंत्र की रीढ़ हैं, और इनकी नियुक्ति से प्रदेश की चिकित्सा सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इसी क्रम में आधुनिक तकनीक और प्रशिक्षित स्टाफ की भर्ती की जा रही है। उन्होंने बताया कि नव नियुक्त सभी एक्स-रे तकनीशियनों की प्रथम तैनाती पर्वतीय एवं दूरस्थ चिकित्सा इकाइयों में की जाएगी, जिससे चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर एक्स-रे सेवाएं मिल सकें।

डॉ. रावत ने कहा कि स्थानीय स्तर पर हड्डी फ्रैक्चर, संक्रमण, गठिया जैसी बीमारियों की पहचान और उपचार में एक्स-रे तकनीशियन की भूमिका अहम होती है, जिससे न केवल डॉक्टरों को सहूलियत होती है, बल्कि मरीजों को भी समय पर इलाज मिल पाता है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने तकनीकी संवर्ग के रिक्त पदों को आईपीएचएस मानकों के अनुरूप भरने का निर्णय लिया है, और विभागीय अधिकारियों को प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री ने सभी नव चयनित तकनीशियनों को निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करने की अपील करते हुए उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी। इस अवसर पर एक्स-रे तकनीशियनों के चेहरों पर नियुक्ति मिलने की खुशी साफ झलक रही थी। सभी चयनित अभ्यर्थियों ने विभागीय मंत्री के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।

नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. सुनीता टम्टा, निदेशक डॉ. मनोज उप्रेती, एनएचएम निदेशक डॉ. मनू जैन, प्रभारी निदेशक डॉ. एच.सी.एस. मार्तोलिया, अन्य विभागीय अधिकारी तथा सभी नव नियुक्त एक्स-रे तकनीशियन उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles