देहरादून में 4 अप्रैल को रोजगार मेला, 60 पदों पर भर्ती का अवसर

देहरादून, 31 मार्च 2026। जनपद के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा 4 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे से कार्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी। प्रमुख रूप से BERG TECHNOLOGIES PVT. LTD., आईटी पार्क, सहस्रधारा रोड, देहरादून इस मेले में शामिल होगी।
उक्त कंपनी द्वारा ऑपरेशन एग्जीक्यूटिव के कुल 60 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें 30 पद स्नातक महिला अभ्यर्थियों तथा 30 पद अंडर स्नातक पुरुष अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित किए गए हैं।
रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए 1 अप्रैल 2026 से प्रातः 10:00 बजे से कार्यालय परिसर में पूर्व पंजीकरण (प्री-रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
अभ्यर्थियों को निर्देशित किया गया है कि वे रोजगार मेले में प्रतिभाग के दौरान अपने साथ अद्यतन बायोडाटा, सभी शैक्षिक योग्यता के मूल प्रमाण-पत्र एवं उनकी छायाप्रति, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र अनिवार्य रूप से साथ लाएं।
यह भी बताया गया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाली कंपनियों और उपलब्ध रिक्तियों की संख्या में आवश्यकता अनुसार परिवर्तन संभव है। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

