हैदराबाद में FAIDA का चौथा अखिल भारतीय FMCG व्यापारियों का सम्मेलन संपन्न, ‘डिजी दुकान’ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म लॉन्च

Spread the love

हैदराबाद (तेलंगाना)। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल (FAIVM) और फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया डिस्ट्रिब्यूटर्स एसोसिएशन (FAIDA) के संयुक्त तत्वावधान में 7 और 8 मार्च को हैदराबाद में चौथा अखिल भारतीय FMCG व्यापारियों का सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन के दौरान छोटे व्यापारियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के उद्देश्य से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म “डिजी दुकान” का शुभारंभ भी किया गया।

कार्यक्रम में भारत सरकार के उपक्रम ONDC की टीम भी शामिल रही, जो छोटे व्यापारियों को ऑनलाइन व्यापार के लिए आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने और सपोर्ट सिस्टम उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है। सम्मेलन में FAIVM और FAIDA के 13 राज्यों से आए प्रतिनिधियों के साथ मिलकर भविष्य की रणनीति और तैयारियों पर भी विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में भाग लेकर लौटे FAIVM के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष व प्रवक्ता तथा उत्तराखंड भाजपा आर्थिक प्रकोष्ठ के सह-संयोजक सी.ए. राजेश्वर पैन्यूली ने बताया कि “डिजी दुकान” लॉन्चिंग कार्यक्रम में उन्हें भी प्रतिभाग करने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि इस मंच के माध्यम से छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों को डिजिटल व्यापार के नए अवसर मिलेंगे।

इस अवसर पर राष्ट्रीय ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड (NTWB) के चेयरमैन सुनील सिंघी ने केंद्र सरकार द्वारा छोटे और मध्यम वर्ग के व्यापारियों के हित में उठाए जा रहे कदमों और सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं FAIVM के उपाध्यक्ष और FAIDA के चेयरमैन सीएच कृष्णा ने व्यापारी हितों की सुरक्षा और भविष्य की रणनीति पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “व्यापारी समृद्ध होगा तो राष्ट्र भी मजबूत होगा।”
कार्यक्रम में FAIVM के चेयरमैन जयेंद्र तन्ना, अध्यक्ष सुशील पोद्दार और महासचिव आर.के. गौड़ ने भी 13 राज्यों से आए प्रतिनिधियों के साथ व्यापारियों से जुड़े मुद्दों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। आर.के. गौड़ ने जीएसटी और आयकर से जुड़े मामलों में व्यापारियों के हित में सरकार द्वारा किए गए संशोधनों की जानकारी भी दी।


ONDC के सीईओ और उनकी टीम ने “डिजी दुकान” को लेकर विस्तृत और आकर्षक प्रेजेंटेशन दिया। कार्यक्रम के दौरान FAIDA के पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों का मोमेंटो और शॉल भेंट कर सम्मान किया गया।

सी.ए. राजेश्वर पैन्यूली ने बताया कि दो दिवसीय इस सम्मेलन में देशभर से आए लगभग 2000 FMCG व्यापारियों ने भाग लिया और व्यापार को डिजिटल युग के अनुरूप आगे बढ़ाने के लिए विचार साझा किए। उन्होंने इसके लिए सुनील सिंघी का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने दो दिन का अमूल्य समय देकर व्यापारियों के हितों पर विस्तार से चर्चा की।

Next Post

किच्छा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: डेढ़ लाख की स्मैक के साथ शातिर नशा तस्कर गिरफ्तार

Spread the love ऊधमसिंहनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपद में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली किच्छा पुलिस ने एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 15.20 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय […]