फर्जी निकली गैंग रेप की युवती पहले भी यूपी में दर्ज करा चुकी है दो मुकदमे
7 रुद्रपुर ।देवभूमि खबर।। युवती का अपहरण करके कथित गैंगरेप की घटना पुलिस की विवेचना में झूठी पाई गई। युवती ने किसी को फंसाने के लिए गैंग रेप की कहानी गढ़ी थी। एसएसपी डा. सदानंद एस दाते ने बताया कि पुलिस अभी इस मामले में षडयंत्र रचने वालों की जांच करेगी। यह युवती पूर्व में रामपुर जिले में दो बार इसी तरह की फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा चुकी है।
गौरतलब है कि रामपुर जनपद के नानकगंज थाना निवासी जीनत (काल्पनिक नाम) ने बीती रात पुलिस को सूचना दी कि उसका कार सवार लोगों ने अपहरण कर लिया था। जहां उसके साथ दो लोगों ने सामूहिक बलात्कार किया। बलात्कार के बाद उसे रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के जाफरपुर रोड पर उतारकर चंपत हो गए। पीड़ित ने 100 नंबर पर पुलिस को सूचना दी तो पुलिस में हड़कंप मच गया। एसपी क्राइम कमलेश उपाध्याय व सीओ सिटी स्वतंत्र कुमार सिंह ने युवती से पूछताछ की। युवती ने बताया कि एक युवक को वह पहचानती है। जिस पर गांव में दबिश दी गई। पूछताछ के बाद पुलिस का कहना था कि युवती और उसके परिजनों का वहीं कि किसी परिवार से पुराना विवाद चला आ रहा है। जिसका एक मुकदमा रामपुर में भी विचाराधीन है। वह मुकदमा भी इसी युवती द्वारा लिखाया गया था। युवती के पुराने मुकदमें में नामजद आरोपी को ही फिर से यहां पर भी अपहरण का आरोपी बताया जा रहा है। पुलिस की जांच में मामला फर्जी पाया गया। एसएसपी ने बताया कि युवती इससे पहले दो मुकदमे रामपुर जिले में दर्ज करा चुकी है। पुलिस ने सच्चाई खंगाली तो युवती ने माफी मांग ली। कप्तान का कहना है कि किसके कहने पर उसने बेगुनाहों को फंसाने की कोशिश की इस षडयंत्र की जांच करके कार्रवाई की जाएगी। युवती का मोबाइल फोन भी कल ही एक्टीवेट हुआ है। बता दें कि जब पीड़िता से कोतवाली के कंप्यूटर कक्ष में मीडिया ने बात करने का प्रयास किया तो वहां मौजूद पुलिस ने उससे किसी को मिलने नहीं दिया गया। बताया तो यह भी गया कि पीड़िता की बड़ी बहन रुद्रपुर में ही रहती है, उसे भी कोतवाली में पूछताछ के लिए बुलाया गया है।
