झूलाघाट में फर्जी सिम गिरोह का पर्दाफाश, पिथौरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

झूलाघाट में फर्जी सिम गिरोह का पर्दाफाश, पिथौरागढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Spread the love

पिथौरागढ़। जनपद पिथौरागढ़ पुलिस ने साइबर ठगी पर रोकथाम की दिशा में एक बड़ी सफलता हासिल की है। झूलाघाट में पुलिस की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में फर्जी सिम कार्ड और आधार कार्ड बरामद कर एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया गया है।

पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव के निर्देशन और सीओ गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली झूलाघाट संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कस्बा झूलाघाट स्थित एक मोबाइल गैलरी पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में अवैध सिम और आधार कार्ड बरामद किए गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बृजेश गढ़कोटी पुत्र बलदेव गढ़कोटी एवं मनोज गढ़कोटी पुत्र बलदेव गढ़कोटी, दोनों निवासी झूलाघाट (मूल निवासी ग्राम गढ़कोटी, चंपावत) के रूप में हुई है। ये दोनों भाई कस्बा झूलाघाट में मोबाइल गैलरी चलाते थे। पुलिस जांच में सामने आया कि ये आरोपी भोले-भाले ग्रामीणों से सिम खरीदते समय धोखे से उनके नाम पर कई सिम कार्ड सक्रिय करवा लेते और बाद में उन्हें ऊंचे दामों पर नेपाली नागरिकों तथा अन्य व्यक्तियों को बेच देते थे। इन फर्जी सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर ठगी और अन्य अपराधों में किया जा सकता था।

छापेमारी में 38 सिम कार्ड, 40 विभिन्न व्यक्तियों के आधार कार्ड की फोटोकॉपी और 3 व्यक्तियों के मूल आधार कार्ड बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ धारा 318(4), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 तथा धारा 42 टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस इस प्रकरण में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस ने जनता को जागरूक करते हुए अपील की है कि सिम कार्ड केवल अधिकृत विक्रेताओं से ही खरीदें। अपने आधार कार्ड या पहचान पत्र की कॉपी किसी अज्ञात व्यक्ति को न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या हेल्पलाइन 112 पर दें। साथ ही, OTP, बैंक डिटेल्स और पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजीव कुमार, अपर उप निरीक्षक कुबेर सिंह, हेड कांस्टेबल राजेन्द्र शाह और कांस्टेबल प्रदीप मवाड़ी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles