यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समन्वय हेतु आईजी गढ़वाल रेंज ने ली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग, जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर और 12 विशेष डेस्क

यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और समन्वय हेतु आईजी गढ़वाल रेंज ने ली वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ब्रीफिंग, जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर और 12 विशेष डेस्क
Spread the love

देहरादून। चारधाम यात्रा 2025 को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के उद्देश्य से गढ़वाल रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री राजीव स्वरूप द्वारा आज दिनांक 28 अप्रैल 2025 को डीआईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था पुलिस मुख्यालय, रेंज के सभी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/पुलिस अधीक्षक, सहायक नोडल अधिकारी श्री लोकजीत सिंह तथा यात्रा मार्ग पर तैनात समस्त निरीक्षक यातायात और थाना/चौकी प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से विस्तृत ब्रीफिंग की गई।

इसी क्रम में आईजी गढ़वाल रेंज व नोडल अधिकारी चारधाम यात्रा द्वारा चारधाम कंट्रोल रूम का निरीक्षण कर वहां नियुक्त सभी कार्मिकों की व्यक्तिगत रूप से ब्रीफिंग ली गई। चारधाम कंट्रोल रूम के प्रभारी अधिकारी श्री लोकजीत सिंह ने जानकारी दी कि यात्रा को सुचारु रूप से संचालित करने और यात्रियों को सुविधा प्रदान करने के लिए दो हेल्पलाइन नंबर 9897846203 और 0135-2714484 जारी किए गए हैं। साथ ही, यात्रियों की सहायता के लिए कुल 12 डेस्क गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर कार्य करेंगी।

यात्रियों की सुविधा के लिए एक विशेष क्यूआर कोड (https://chardhamyatra.svinfotechsoftwaresolutions.com/) भी तैयार किया गया है, जिसके माध्यम से यात्री पार्किंग व्यवस्था, ट्रैफिक प्लान, टूरिस्ट व हेली रजिस्ट्रेशन और हॉल्टिंग प्वाइंट जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इस क्यूआर कोड को 14 भाषाओं में उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु इसका लाभ ले सकें। इसके अतिरिक्त एक हेल्पबुक भी जारी की गई है, जिसमें यात्रा मार्ग पर तैनात समस्त कर्मचारियों को समन्वय और यात्रियों को सही जानकारी देने में सहायता प्रदान की जाएगी।

आईजी गढ़वाल रेंज द्वारा रेंज के समस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों को चारधाम यात्रा के सफल संचालन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि कपाट खुलने से पूर्व यात्रा संबंधी सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया जाए ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रा मार्ग पर ड्रोन के माध्यम से सघन निगरानी सुनिश्चित की जाएगी और जनपदों के साथ-साथ बाहर से आने वाले अतिरिक्त पुलिस बल के रहने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था समय रहते पूरी की जाएगी।

यात्रा अवधि के दौरान सभी थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सक्रिय रूप से भ्रमणशील रहेंगे और व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण करेंगे। साथ ही, यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व थाना प्रभारियों को व्यापार संघों, टैक्सी यूनियन और होटल व्यवसायियों के साथ समन्वय बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए गए ताकि बेहतर तालमेल बना रहे। सोशल मीडिया पर भी विशेष सतर्कता रखने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि किसी भी अफवाह या भ्रामक सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके लिए जनपद स्तर पर सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को भी सक्रिय किया गया है।

उक्त वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में डीआईजी कानून व्यवस्था श्री धीरेन्द्र गुंज्याल, सभी एसएसपी/एसपी, चारधाम कंट्रोल रूम प्रभारी अधिकारी लोकजीत सिंह सहित राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी उपस्थित रहे। यात्रा से संबंधित समस्त जानकारी जारी क्यूआर कोड के माध्यम से प्राप्त की जा सकती है।

देवभूमि खबर

Related articles