राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में देरी पर रोष, सचिवालय मार्च की चेतावनी

राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण में देरी पर रोष, सचिवालय मार्च की चेतावनी
Spread the love

देहरादून।राज्य आंदोलनकारियों के चिन्हीकरण की प्रक्रिया में हो रही देरी, क्षैतिज आरक्षण के पालन न होने तथा अन्य लंबित मांगों को लेकर शहीद स्मारक देहरादून में राज्य आंदोलनकारी मंच की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए आगे की रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता सुलोचना भट्ट ने की, जबकि संचालन पूरण सिंह लिंगवाल ने किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष जगमोहन सिंह नेगी और अरुणा थपलियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद भी संबंधित शासनादेशों का पूर्ण पालन नहीं हो रहा है और चयनित राज्य आंदोलनकारी आश्रितों को क्षैतिज आरक्षण का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उनका कहना था कि घोषणा और शासनादेश के बावजूद पांच माह बीतने के बाद भी अमल न होने से शहीद परिवारों और राज्य आंदोलनकारियों में रोष बढ़ रहा है।

प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप कुकरेती, महासचिव रामलाल खंडूड़ी और युद्धवीर चौहान ने कहा कि सरकार द्वारा घोषणा के बाद शासनादेश जारी करने में भी काफी समय लगाया गया, जिससे कार्यों में अवरोध पैदा हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोगों में अधिकारी और कर्मचारी प्रक्रियाओं को सरल बनाने के बजाय उन्हें जटिल बना रहे हैं, जबकि सरकार और शासन की ओर से इस दिशा में ठोस पहल नहीं दिख रही है।

केशव उनियाल, राधा तिवारी और गणेश डंगवाल ने मुख्यमंत्री से संगठन को वार्ता के लिए समय देने की अपील करते हुए कहा कि राज्य आंदोलनकारियों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान किया जाए। अन्यथा आंदोलनकारी सड़कों पर उतरने को बाध्य होंगे।

अध्यक्षीय संबोधन में सुलोचना भट्ट ने कहा कि उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी मंच सोमवार और मंगलवार को आश्रितों की नियुक्तियों के संबंध में शासन स्तर पर संवाद का प्रयास करेगा। यदि इसके बाद भी समाधान नहीं हुआ तो 18 मार्च को सुबह 11 बजे गांधी पार्क से सचिवालय तक मार्च किया जाएगा।

बैठक में केशव उनियाल, जगमोहन सिंह नेगी, सतेन्द्र भण्डारी, गणेश डंगवाल, पूरण सिंह लिंगवाल, रामलाल खंडूड़ी, प्रदीप कुकरेती, यशोदा रावत, राधा तिवारी, राजेश्वरी नेगी, अरुणा थपलियाल, चन्द्रकिरण राणा, हरी सिंह मेहर, पुष्पा रावत, मोनिका लखेड़ा, सावित्री पंवार, मनोज नौटियाल, रघुबीर सिंह तोमर, सुशील विरमानी, सुशील चमोली, सुधीर नारायण शर्मा, पुष्पा नेगी, दुर्गा ध्यानी, विवेक बलोदी, माहेश्वरी कंडारी, संगीता रावत, हरजिंदर सिंह, विनोद असवाल, क्रांति अभिषेक, प्रभात डण्डरियाल, उमेश रावत और साबी नेगी सहित कई लोग मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles