प्रशासन के आदेशों की अवहेलना पर गैस एजेंसी के सिलेंडर जब्त, एजेंसी स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
देहरादून।जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देशों की अवहेलना करने पर जिला प्रशासन ने शिमला बाईपास रोड स्थित शहीद हीरा गैस एजेंसी के सिलेंडर जब्त कर एजेंसी स्वामी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। प्रशासन ने यह कार्रवाई एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने और शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए की।
जिला प्रशासन के अनुसार शिकायत मिली थी कि हीरा गैस एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी के बजाय उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसी परिसर से गैस सिलेंडर वितरित किए जा रहे थे। इससे एजेंसी पर भारी भीड़ जमा हो गई थी और कानून व्यवस्था बिगड़ने की आशंका पैदा हो रही थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
निर्देशों के अनुपालन में उप जिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार क्यूआरटी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पाया गया कि हीरा गैस सर्विस, नया गांव पेलियो देहरादून द्वारा घरेलू गैस सिलेंडरों का वितरण गोदाम में ट्रक के माध्यम से किया जा रहा था, जबकि प्रशासन द्वारा स्पष्ट रूप से होम डिलीवरी के निर्देश दिए गए थे।
उप जिलाधिकारी विकासनगर, तहसीलदार विकासनगर और जिला पूर्ति कार्यालय के पूर्ति निरीक्षकों की संयुक्त टीम ने मौके पर जांच कर कार्रवाई की। इसके बाद संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955, आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 और भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत थाना पटेलनगर में मुकदमा दर्ज कराया गया। जब्त गैस सिलेंडरों को जिला पूर्ति अधिकारी और संबंधित तेल कंपनी की सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी नियंत्रण कक्ष के नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक एलपीजी आपूर्ति से संबंधित कुल 111 शिकायतें प्राप्त हुईं। नियंत्रण कक्ष में जिला खाद्य पूर्ति विभाग की टीम इन शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर रही है।
प्रशासन के अनुसार जिले में आज लगभग 18,120 उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलेंडर तथा 21 उपभोक्ताओं को व्यवसायिक सिलेंडर की आपूर्ति की गई है। वहीं घरेलू गैस सिलेंडरों का लगभग 75 हजार का बैकलॉग बताया गया है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के तहत अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व के.के. मिश्रा नियंत्रण कक्ष से जिले में गैस वितरण और आपूर्ति की निरंतर निगरानी कर रहे हैं, ताकि उपभोक्ताओं की समस्याओं का समय पर समाधान किया जा सके।
