गोपेश्वर की व्यापारी संस्था ‘श्री राम बिखुजी’ ने बीकेटीसी के सहयोग से केदारनाथ में  किया भंडारे का आयोजन

गोपेश्वर की व्यापारी संस्था ‘श्री राम बिखुजी’ ने बीकेटीसी के सहयोग से केदारनाथ में  किया भंडारे का आयोजन
Spread the love

श्री केदारनाथ धाम 2 मई प्रातः 7 बजे श्रद्धालुओं के लिए होंगे कपाट खुलने, पंचमुखी डोली गौरीकुंड पहुंची

केदारनाथ।श्री केदारनाथ धाम में आगामी 2 मई को प्रातः 7 बजे कपाट खुलने के साथ ही चारधाम यात्रा का शुभारंभ होने जा रहा है। मंदिर समिति (बीकेटीसी) और जिला प्रशासन द्वारा सभी यात्रा पूर्व तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने मंगलवार को धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

यात्रा की तैयारियों के क्रम में गोपेश्वर के व्यापारियों की संस्था ‘श्री राम बिखुजी’ द्वारा बीकेटीसी के सहयोग से प्रवचन हाल में एक सप्ताह का भंडारा आरंभ किया गया है। संस्था के संयोजक राजेन्द्र सिंह नेगी ने बताया कि यह सेवा उनके दिवंगत गुरु श्री राम बिखुजी की स्मृति में हर वर्ष कपाटोद्घाटन के समय आयोजित की जाती है। आज भंडारे में करीब दो हजार श्रद्धालुओं ने भोजन, नाश्ता और चाय प्रसाद ग्रहण किया।

मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल ने न केवल यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा की बल्कि भंडारा आयोजन करने वाली संस्था के प्रयासों की सराहना भी की। उन्होंने बताया कि मंदिर समिति के कर्मचारी भी सेवाभाव से भंडारे में योगदान दे रहे हैं।

बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने जानकारी दी कि भगवान श्री केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव डोली आज 30 अप्रैल को तीसरे पड़ाव गौरी माता मंदिर, गौरीकुंड में रात्रि विश्राम के लिए पहुंचेगी। यह डोली 1 मई की संध्या को केदारनाथ धाम पहुंचेगी, और 2 मई की सुबह 7 बजे धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोले जाएंगे।

भंडारे के आयोजन में उपस्थित प्रमुख व्यक्तियों में बीकेटीसी मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल, मंदिर समिति प्रभारी अधिकारी गिरीश देवली, जेई विपिन कुमार, संयोजक राजेन्द्र सिंह नेगी, खुशहाल सिंह नेगी, मनीष नेगी, जितेंद्र नेगी, प्रदीप नेगी आदि शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles