सिमली में “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 45 में से 34 शिकायतों का मौके पर निस्तारण

सिमली में “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” बहुउद्देशीय शिविर आयोजित, 45 में से 34 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
Spread the love

चमोली। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर राज्य की न्याय पंचायतों में संचालित “जन जन की सरकार, जन जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत सोमवार को जनपद चमोली की न्याय पंचायत सिमली में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जनपद के प्रभारी सचिव एवं सैनिक कल्याण, आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग के सचिव श्री दीपेंद्र कुमार चौधरी ने की।
सिमली में आयोजित इस शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा कुल 45 शिकायतें दर्ज कराई गईं, जिनमें से 34 शिकायतों का जिलाधिकारी द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा 36 ग्रामीणों, आयुर्वेदिक विभाग द्वारा 39 ग्रामीणों तथा होम्योपैथिक विभाग द्वारा 35 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित की गईं। समाज कल्याण विभाग की ओर से विभिन्न योजनाओं से संबंधित 25 आवेदनों का सत्यापन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने न्यू डिम्मर पेयजल योजना के संबंध में मुख्य विकास अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा साप्ताहिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को लंबित पेंशन प्रकरणों की जांच कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी सचिव श्री दीपेंद्र कुमार चौधरी ने सभी अधिकारियों को ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने शासन स्तर से संबंधित समस्याओं के समाधान हेतु समय पर पत्राचार कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
शिविर में बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के उपाध्यक्ष श्री ऋषि प्रसाद सती, नगर पालिका अध्यक्ष कर्णप्रयाग श्री गणेश शाह, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, डीएफओ श्री सर्वेश दुबे, उपजिलाधिकारी श्री सोहन सिंह रांगड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles