आपदा में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिकों को राज्यपाल ने किया सम्मानित, समर्पण को बताया प्रेरणास्रोत

Spread the love

देहरादून। राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने लोक भवन में आयोजित एक सम्मान समारोह में देहरादून जनपद के उन कार्मिकों को सम्मानित किया, जिन्होंने आपदा के दौरान उत्कृष्ट कार्य किया था। इस अवसर पर राज्यपाल ने सभी सम्मानित अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण एवं कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए उन्हें अन्य कार्मिकों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।


उल्लेखनीय है कि 15-16 सितम्बर 2025 की रात्रि में सहस्त्रधारा-कार्लीगाड क्षेत्र में हुई भीषण वर्षा और बादल फटने की घटना से बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। घटना के तुरंत बाद जिला प्रशासन द्वारा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किए गए, जिनमें कई कार्मिकों ने सराहनीय योगदान दिया।
सम्मानित होने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी कृष्ण कुमार मिश्रा, उप जिलाधिकारी हरगिरी, अपर उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कुमकुम जोशी, पुलिस उपाधीक्षक मनोज कुमार असवाल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.ए. भट्ट, कनिष्ठ सहायक इन्द्रेश कोठारी, यूपीसीएल के लाइनमैन अमन तथा लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता प्रदीप शाही शामिल रहे।

राज्यपाल ने जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल की विशेष सराहना करते हुए उन्हें “फ्रंटलाइन लीडर” बताया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियों में प्रभावी नेतृत्व और टीम समन्वय के माध्यम से जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट कार्य किया।
राज्यपाल ने आपदा प्रबंधन और पूर्व तैयारियों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल देते हुए कहा कि आपदा के समय सैनिकों, सुरक्षाबलों, प्रशासनिक अधिकारियों और अन्य कार्मिकों ने निस्वार्थ भाव से कार्य करते हुए समाज की सेवा की है, जो प्रेरणादायी है।


इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, अपर सचिव रीना जोशी, जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles