हजारा बुणजाई बिरादरी 1950, देहरादून द्वारा लोहड़ी वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन, सामाजिक एकता का दिया सशक्त संदेश
देहरादून। हजारा बुणजाई बिरादरी 1950, देहरादून (पंजी.) द्वारा लोहड़ी पर्व का वार्षिकोत्सव इस वर्ष विशेष तैयारियों के साथ अत्यंत भव्य एवं पारंपरिक स्वरूप में आयोजित किया गया। पटेल नगर क्षेत्र स्थित मानभावन वेडिंग प्वाइंट में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बिरादरी के सदस्यों के साथ-साथ विभिन्न समाजों के लोग भी शामिल हुए। पूरे आयोजन में हर्षोल्लास, सांस्कृतिक रंग और सामाजिक समरसता की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के दौरान विधिवत लोहड़ी जलाकर प्राचीन परंपराओं का निर्वहन किया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच पारंपरिक लोहड़ी गीत गाए गए तथा पारंपरिक प्रसाद का वितरण किया गया। पंजाबी लोक संस्कृति की झलक प्रस्तुत करते हुए भांगड़ा, गिद्धा एवं अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ बिरादरी के कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर बिरादरी के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग सदस्यों को सम्मानित कर उनके योगदान को नमन किया गया। सामाजिक समरसता को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इस वर्ष अन्य बिरादरियों के सदस्यों को भी आमंत्रित किया गया, जिससे भाईचारे, सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का संदेश और अधिक मजबूत हुआ।
बिरादरी के प्रचार मंत्री एवं मीडिया प्रभारी अभिनव थापर ने कहा कि हजारा बुणजाई बिरादरी वर्ष 1950 से निरंतर समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को संजोने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि बिरादरी द्वारा प्रत्येक वर्ष लोहड़ी का वार्षिकोत्सव नियमित रूप से मनाया जाता है, जो न केवल सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का माध्यम है, बल्कि समाज में आपसी सौहार्द और एकता को भी प्रोत्साहित करता है। वरिष्ठ सदस्यों का सम्मान युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है, जिससे बिरादरी को भविष्य में सशक्त दिशा मिलती है।
कार्यक्रम में बिरादरी के अध्यक्ष पवन चंडोक, महामंत्री सचिन विज, प्रचार मंत्री अभिनव थापर सहित अशोक मल्होत्रा, संजय उप्पल, अभिषेक तलवाड़, सतीश कक्कड़, बाबूराम सहगल, संजीव पूरी, प्रद्युम्न कक्कड़, प्रदीप सुदी, संजय सुदी, धीरज ओबेरॉय, योगेश नंदा समेत सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों की सक्रिय सहभागिता रही।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में विधायक सविता कपूर, राज्य आंदोलनकारी अमित ओबराय, समाजसेवी राकेश ओबेरॉय, संतोख नागपाल, गौरव कुमार, इंद्राणी पांधी, सुरेंद्र अरोड़ा, नेहा शर्मा, अनिल नंदा, हरीश नारंग, अरुण शर्मा सहित अनेक गणमान्य जन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने हजारा बुणजाई बिरादरी द्वारा आयोजित इस भव्य लोहड़ी कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता और सांस्कृतिक सौहार्द का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अभिनव थापर एवं सचिन विज ने संयुक्त रूप से किया। अंत में सभी उपस्थितजनों ने आयोजन को सफल एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए बिरादरी के सभी सदस्यों को बधाई दी।
