उत्तराखंड में हाई अल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन होगी शुरू , मुख्यमंत्री धामी के निर्देश

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने आज शासकीय आवास में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से हाई अल्टीट्यूड अल्ट्रा मैराथन की शुरुआत की जाए। उन्होंने कहा कि कुमाऊं क्षेत्र में यह मैराथन गुंजी से आदि कैलाश तक और गढ़वाल क्षेत्र में नीति से मलारी तक आयोजित की जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि इस आयोजन को वार्षिक पर्यटन कैलेंडर में शामिल किया जाए और हर वर्ष एक निश्चित तिथि को इसका नियमित आयोजन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आपदा प्रबंधन तंत्र को अधिक सशक्त बनाया जाए और आपदा की स्थिति में प्रभावितों को समय पर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने सीमांत और पर्वतीय क्षेत्रों में फसलों की सुरक्षा के लिए घेरबाड़ और सोलर फेंसिंग की विस्तृत योजना तैयार करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।
इस बैठक में प्रमुख सचिव आर. के. सुधांशु, मीनाक्षी सुंदरम, सचिव शैलेश बगौली और अपर सचिव बंशीधर तिवारी उपस्थित थे।

