डीएम सविन बंसल की अगुवाई में सुरक्षा एजेंसियों संग उच्चस्तरीय बैठक: देहरादून को सेक्टरवार किया गया विभाजित, नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि

डीएम सविन बंसल की अगुवाई में सुरक्षा एजेंसियों संग उच्चस्तरीय बैठक: देहरादून को सेक्टरवार किया गया विभाजित, नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि
Spread the love

देहरादून।भारत-पाकिस्तान के बीच बनी युद्ध जैसी परिस्थितियों के मद्देनज़र जिलाधिकारी सविन बंसल ने सिविल प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा, आवश्यक सेवाओं की सतत आपूर्ति और गलत भ्रामक सूचनाओं पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना रहा।

डीएम के आह्वान पर कई वर्षों बाद इस तरह की समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें आर्मी, पैरामिलिट्री फोर्सेज, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस व अन्य सिविल एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। उन्होंने कहा, “सुरक्षा एजेंसियां और सिविल विभाग हमारे फ्रंटलाइन रिस्पांडर हैं और नागरिकों तक हर सुविधा समय पर पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”

डीएम ने देहरादून शहर को सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए ताकि आपात स्थिति में नागरिकों तक सही व सटीक जानकारी शीघ्र पहुंचाई जा सके। इसके साथ ही एडवांस स्टेज की तैयारी के तहत जिले को जल्द ही आधुनिक लांग रेंज इमरजेंसी सायरन सिस्टम से लैस किया जाएगा, जिसकी 16 और 8 किलोमीटर तक की श्रवण क्षमता होगी।

जिले में पहली बार वायटल इंस्टॉलेशन यूनिट्स जैसे आर्मी, सीआईएसएफ, बीएसएफ आदि पर रेपिड कम्युनिकेशन सिस्टम स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे किसी भी आपातकाल में सभी यूनिट्स के बीच एक साथ प्रभावी संचार संभव हो सकेगा।

डीएम ने यूपीसीएल को सख्त निर्देश दिए कि बिना जिला प्रशासन की अनुमति के किसी भी क्षेत्र में पावर शटडाउन न किया जाए। जल संस्थान और अग्निशमन विभाग से तीन दिनों के भीतर फायर हाइड्रेंट की कार्यशीलता की रिपोर्ट मांगी गई है।

डीएसओ को निर्देशित किया गया कि संदिग्ध गोदामों का निरीक्षण कर आवश्यक होने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाए और जमाखोरों के विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गलत जानकारियों को समाज में प्रचारित करने से बचें।

डीएम ने सभी एजेंसियों से समन्वय बनाकर काम करने की अपील की और आश्वासन दिया कि जिला प्रशासन हर परिस्थिति के लिए तैयार है।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार, तथा सेना, अर्धसैनिक बलों और विभिन्न सिविल विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles