
देहरादून। पुलिस महानिरीक्षक, गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने बुधवार को जनपद देहरादून के थाना डालनवाला क्षेत्रांतर्गत हुई गोलीकांड की घटना को गंभीरता से लेते हुए घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घटनास्थल की परिस्थितियों, उपलब्ध भौतिक एवं तकनीकी साक्ष्यों तथा अब तक की गई पुलिस कार्रवाई की गहन समीक्षा की।
आईजी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, देहरादून को निर्देशित किया कि घटना में संलिप्त आरोपियों की शीघ्र पहचान कर विशेष टीमों का गठन किया जाए और अपराधियों को अतिशीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस एवं प्रभावी रणनीति तैयार की जाए।
परिक्षेत्रीय कार्यालय में जिले के समस्त क्षेत्राधिकारियों (सीओ) के साथ आयोजित गोष्ठी में आईजी ने हाल के दिनों में घटित आपराधिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए सभी मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी क्षेत्राधिकारियों को संदिग्ध व्यक्तियों की धरपकड़ हेतु नियमित चेकिंग अभियान चलाने, आपसी रंजिश, भूमि विवाद अथवा अन्य संवेदनशील मामलों में समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आईजी राजीव स्वरूप ने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र में गंभीर आपराधिक घटनाओं की पुनरावृत्ति होने पर संबंधित थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी के साथ-साथ संबंधित क्षेत्राधिकारी की जवाबदेही भी निर्धारित की जाएगी।

