कुंभ मेला एवं आगामी चुनाव के मद्देनज़र एसएसपी हरिद्वार ने खुफिया तंत्र में किया बड़ा फेरबदल

Spread the love

हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला एवं चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए जनपद की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एसएसपी हरिद्वार द्वारा खुफिया तंत्र विभाग में बड़ा बदलाव किया गया है। इस क्रम में जनपद हरिद्वार में तैनात अभिसूचना/खुफिया विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य क्षेत्र में परिवर्तन करते हुए स्थानांतरण आदेश जारी किए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार खुफिया इकाइयों में तैनात उप निरीक्षक, हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल स्तर के कुल 24 अधिकारियों/कर्मचारियों को उनके नाम के सम्मुख अंकित शाखा, उप इकाई अथवा क्षेत्र में स्थानांतरित किया गया है। यह बदलाव विशेष रूप से नगर क्षेत्र, ग्रामीण क्षेत्र, उप इकाइयों एवं संवेदनशील स्थानों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।

एसएसपी हरिद्वार का उद्देश्य इस फेरबदल के माध्यम से सूचना संकलन, विश्लेषण एवं त्वरित इनपुट सिस्टम को और अधिक प्रभावी बनाना है, ताकि कुंभ मेला एवं चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि, अफवाह अथवा कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौती पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

आदेश में यह भी निर्देशित किया गया है कि स्थानांतरित सभी अधिकारी एवं कर्मचारी तत्काल नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना सुनिश्चित करें। पुलिस प्रशासन का मानना है कि इस रणनीतिक बदलाव से जनपद में खुफिया नेटवर्क अधिक मजबूत होगा और सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *