चम्पावत में ₹36.83 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सीएम धामी ने 100 फीट तिरंगे का किया अनावरण

चम्पावत में ₹36.83 करोड़ की 17 योजनाओं का लोकार्पण-शिलान्यास, सीएम धामी ने 100 फीट तिरंगे का किया अनावरण
Spread the love

चम्पावत। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत के समग्र विकास को गति देते हुए ₹36.83 करोड़ की 17 योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। इनमें ₹7.12 करोड़ की लागत से चार योजनाओं का लोकार्पण तथा ₹29.71 करोड़ की 13 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस अवसर पर उन्होंने गांधी चौक में स्थापित 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज का भी विधिवत अनावरण किया और कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता का प्रतीक है, जो प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से विकास का लाभ जनपद के अंतिम छोर तक पहुंचेगा और चम्पावत तेजी से “आदर्श जनपद” के रूप में स्थापित होगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और चम्पावत को आदर्श जनपद बनाने का संकल्प इसी दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

उन्होंने जानकारी दी कि जनपद में ₹117 करोड़ से अधिक की लागत से गोल्ज्यू कॉरिडोर का निर्माण कार्य प्रगति पर है। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करते हुए जिला चिकित्सालय में ₹20 करोड़ की लागत से 50 बेड क्षमता की अत्याधुनिक क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित की गई है, जबकि ₹5 करोड़ की लागत से सीटी स्कैन और एमआरआई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे स्थानीय लोगों को अब उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ₹57 करोड़ की लागत से बन रहा साइंस सेंटर बच्चों को आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जोड़ते हुए उन्हें वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेगा। वहीं, शारदा कॉरिडोर के निर्माण से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।

खेल क्षेत्र में बेटियों को प्रोत्साहित करने के लिए लोहाघाट में ₹257 करोड़ की लागत से राज्य का पहला महिला स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माणाधीन है। इसके अलावा भारत-नेपाल सीमा पर ड्राई पोर्ट और ₹8.99 करोड़ की लागत से वृद्धाश्रम भवन का निर्माण भी प्रगति पर है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वीर सैनिकों, वीर नारियों और पर्यावरण मित्रों को सम्मानित करते हुए कहा कि सरकार विकास योजनाओं को धरातल पर उतारने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles