खाकी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा: एसएसपी नैनीताल ने चलती रोडवेज बस रुकवाकर बुझाई आग, 10 यात्री

खाकी की सतर्कता से टला बड़ा हादसा: एसएसपी नैनीताल ने चलती रोडवेज बस रुकवाकर बुझाई आग, 10 यात्री
Spread the love

नैनीताल। खाकी की सतर्कता, सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ा सड़क हादसा टल गया, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने समय रहते कार्रवाई करते हुए चलती रोडवेज बस में लगी आग पर काबू पाया और यात्रियों की जान बचाई।

घटना बुधवार रात्रि लगभग 10:05 बजे नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर भोटिया पड़ाव के पास की है। एसएसपी क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी उनके आगे चल रही UK07PA6128 रोडवेज बस (अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही) के टायर के नीचे से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। बस चालक शिवराज सिंह बिष्ट इस खतरे से अनजान था।

स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए एसएसपी ने तत्काल अपनी गाड़ी से बस को ओवरटेक कर रुकवाया। बस रुकते ही उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए पुलिस टीम, चालक और गनर की मदद से सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
इसके बाद पास स्थित पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर मंगवाकर टायर में लगी आग पर काबू पाया गया। साथ ही कंट्रोल रूम को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस बल को भी मौके पर बुलाया गया।

बस में सवार लगभग 10 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए तत्काल वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर सुरक्षित रवाना किया गया।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वाहन चालकों को यात्रा के दौरान अपने वाहनों की तकनीकी स्थिति की नियमित जांच करते रहना चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

देवभूमि खबर

Related articles