32 लाख की 108 ग्राम स्मैक के साथ कोतवाली आईटीआई पुलिस–एसओजी की कार्रवाई, दो तस्कर गिरफ्तार
उधम सिंह नगर। मुख्यमंत्री के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत नशा तस्करों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी काशीपुर की संयुक्त टीम ने 108 ग्राम स्मैक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार 10 अप्रैल 2026 को खोखरा मंदिर रोड स्थित श्मशान घाट के पास चेकिंग के दौरान एक काले रंग की स्कूटी (UK18V4288) पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर भागने लगे, लेकिन कुछ दूरी पर गिरकर पकड़े गए। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम सचिन कुमार (24 वर्ष) निवासी खड़कपुर देवीपुरा और सुनील कुमार (26 वर्ष) निवासी खड़कपुर बाजार कॉलोनी, थाना आईटीआई बताया।
तलाशी के दौरान सचिन कुमार के पास से 68 ग्राम और सुनील कुमार के पास से 40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह स्मैक खड़कपुर निवासी बंटी नामक व्यक्ति से लाए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/21/60 के तहत गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है और न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में संलिप्त रहे हैं। पुलिस अब इनके आपराधिक इतिहास और नेटवर्क की विस्तृत जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक रवि सैनी के नेतृत्व में कोतवाली आईटीआई पुलिस और एसओजी काशीपुर की टीम ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।

