हरिद्वार नगर निगम में भूमि खरीद घोटाला: 4 अधिकारी निलंबित, एक पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

हरिद्वार।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में नगर निगम हरिद्वार द्वारा सराय क्षेत्र में की गई भूमि खरीद में अनियमितताओं को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की गई है। प्रथम दृष्टया जांच में गंभीर गड़बड़ियां पाए जाने के बाद नगर निगम के चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित अधिकारियों में रवीन्द्र कुमार दयाल (अधिशासी अधिकारी श्रेणी-2), आनन्द सिंह मिश्रवाण (सहायक अभियंता), लक्ष्मीकांत भट्ट (कर एवं राजस्व अधीक्षक), और दिनेश चन्द्र काण्डपाल (अवर अभियंता) शामिल हैं। इन अधिकारियों पर अपने दायित्वों के समुचित निर्वहन में विफल रहने के आरोप हैं।
इसके अलावा सेवा विस्तार पर कार्यरत सेवानिवृत्त सम्पत्ति लिपिक वेदपाल की भी इस अनियमितता में संलिप्तता पाई गई है। उनके सेवा विस्तार को तत्काल समाप्त कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही वरिष्ठ वित्त अधिकारी निकिता बिष्ट से इस मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
नगर आयुक्त द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट के आधार पर गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए राज्य सरकार ने रणवीर सिंह चौहान, सचिव (गन्ना एवं चीनी विभाग), उत्तराखण्ड शासन को मामले की विस्तृत जांच का जिम्मा सौंपा है।

