मसूरी में रसोई गैस संकट गहराया, व्यापारियों व नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल समाधान की मांग
देहरादून। खाड़ी क्षेत्र में चल रहे युद्ध के प्रभाव के चलते रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित होने से मसूरी में गैस संकट गहराता जा रहा है। इस संबंध में मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन ने जिला अपूर्ति अधिकारी, देहरादून को ज्ञापन भेजकर तत्काल राहत की मांग की है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्तमान समय में शादियों और समारोहों का सीजन चल रहा है, ऐसे में गैस की कमी से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की है कि जिन परिवारों में विवाह या अन्य महत्वपूर्ण आयोजन हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गैस उपलब्ध कराई जाए।
व्यापारियों ने यह भी कहा कि मसूरी के ढाबे, रेस्टोरेंट, हलवाई और चाय की दुकानों पर भी गैस संकट का गंभीर असर पड़ रहा है। ऐसे में इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को कम से कम एक सिलेंडर प्रति सप्ताह उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है, ताकि उनका व्यवसाय प्रभावित न हो।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि मसूरी में वर्षों से बिना औपचारिक कनेक्शन के व्यावसायिक गैस सिलेंडर उपयोग किए जाते रहे हैं, जिनका कोई आधिकारिक रिकॉर्ड नहीं है। इस कारण वर्तमान संकट की स्थिति में वास्तविक आवश्यकता का आकलन करना कठिन हो रहा है। एसोसिएशन ने प्रशासन से इस व्यवस्था को नियमित करने की मांग की है।
इसके अलावा, कई परिवारों को केवाईसी संबंधी समस्याओं के कारण गैस कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। इस पर भी राहत देने की मांग की गई है।
एसोसिएशन ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए आम नागरिकों और व्यापारियों को राहत प्रदान करने की अपील की है।

