ऊधमसिंहनगर में अवैध शस्त्रों पर बड़ी कार्रवाई: 15 दिन के अभियान में 64 तस्कर गिरफ्तार, 77 से अधिक हथियार बरामद: एसएसपी
रुद्रपुर। “अपराध मुक्त उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने की दिशा में ऊधमसिंहनगर पुलिस ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में अवैध शस्त्रों के खिलाफ 15 दिवसीय विशेष अभियान चलाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। 12 मार्च से 26 मार्च 2026 तक चले इस अभियान के दौरान जनपदभर में 59 अभियोग पंजीकृत कर 64 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 77 से अधिक अवैध शस्त्र बरामद किए, जिनमें 71 तमंचे, 3 पिस्टल, 2 पंप एक्शन गन और 1 बन्दूक (.315 बोर) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 116 जिंदा कारतूस, 4 खोखा कारतूस तथा .32 बोर की 2 मैगजीन भी बरामद की गईं। सोशल मीडिया पर शस्त्र प्रदर्शन के एक मामले में लाइसेंसी पिस्टल (.45 बोर) और 6 कारतूस भी जब्त किए गए।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करना और फायरिंग जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना था, जिसमें पुलिस को सफलता मिली है। अभियान के दौरान सभी थाना क्षेत्रों में सघन चेकिंग और लगातार कार्रवाई की गई, जिससे अपराधियों में भय का माहौल बना है।
थाना स्तर पर की गई कार्रवाई में कोतवाली जसपुर, बाजपुर, रुद्रपुर, काशीपुर, सितारगंज सहित अन्य थानों में कई अभियोग दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और बड़ी मात्रा में अवैध हथियार बरामद किए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शस्त्रों के निर्माण, तस्करी, भंडारण और सार्वजनिक प्रदर्शन के मामलों में कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
एसएसपी ने जनपदवासियों से अपील की है कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, डायल 112 या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
पुलिस के अनुसार जनपद में शांति, कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा भविष्य में भी इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।

