उत्तराखंड में मखाना खेती की पहल, लक्सर में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का प्रस्ताव

उत्तराखंड में मखाना खेती की पहल, लक्सर में पायलट प्रोजेक्ट शुरू करने का प्रस्ताव
Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड में कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने की दिशा में मखाना खेती की पहल की जा रही है। प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी से उनके कैंप कार्यालय में बिहार की एक निजी संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में मखाना खेती के पायलट प्रोजेक्ट के शुभारंभ का प्रस्ताव रखा।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि उनकी संस्था मखाना उत्पादन, प्रसंस्करण और विपणन के क्षेत्र में लंबे समय से कार्य कर रही है और उत्तराखंड में इस फसल की संभावनाओं को लेकर उत्साहित है। उन्होंने कृषि मंत्री को पायलट प्रोजेक्ट के शुभारंभ हेतु आमंत्रित किया।

कृषि मंत्री गणेश जोशी ने इस पहल का स्वागत करते हुए विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि मखाना उत्पादन में विशेषज्ञता रखने वाली संस्थाओं के अनुभव का लाभ राज्य में लिया जाए। उन्होंने अधिकारियों को बिहार के उन क्षेत्रों का अध्ययन करने के निर्देश भी दिए, जहां मखाना का बड़े पैमाने पर उत्पादन हो रहा है, ताकि वहां की आधुनिक तकनीकों और प्रबंधन प्रणाली को उत्तराखंड में लागू किया जा सके।

मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जलभराव वाली भूमि का बेहतर उपयोग कर किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। मखाना जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देकर किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और निर्यात-उन्मुख कृषि को प्रोत्साहित करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

बैठक में सचिव कृषि एस.एन. पांडेय, निदेशक कृषि दिनेश कुमार, तथा संस्था के पदाधिकारी राजीव रंजन, सम्यक जैन और अजय पैनोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles