मंगलपड़ाव मोबाइल लूट कांड का खुलासा, गूगल पे से 42 हजार उड़ाने वाले दो युवक गिरफ्तार
हल्द्वानी।मंगलपड़ाव क्षेत्र में हुए मोबाइल लूट और ऑनलाइन ठगी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने लूटे गए मोबाइल फोन से गूगल पे के माध्यम से 42 हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन और 26 हजार रुपये नगद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को हरेन्द्र सिंह पुत्र नकौल सिंह निवासी टीमर बड़ौन, खनस्यू जनपद नैनीताल ने कोतवाली हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 9 मार्च 2026 को अज्ञात व्यक्तियों ने उनका मोबाइल फोन लूट लिया। बाद में उसी मोबाइल से गूगल पे के जरिए 42 हजार रुपये निकाल लिए गए। तहरीर के आधार पर कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा संख्या 87/26 धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच उपनिरीक्षक कुआशा शर्मा को सौंपी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण करते हुए अभियुक्तों की पहचान की।
14 मार्च 2026 को पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया एक विवो कंपनी का मोबाइल फोन और 26 हजार रुपये नगद बरामद किए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में अरुण सोलंकी (19 वर्ष) पुत्र आदेश सोलंकी निवासी एयरफोर्स गेट, नैनीताल रोड, थाना इज्जतनगर, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश) तथा सचिन सोलंकी (20 वर्ष) पुत्र राजेन्द्र सोलंकी निवासी मुख्य बाजार, सर्प गांव मार्ग, थाना सोमेश्वर जिला अल्मोड़ा शामिल हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक भूपेन्द्र मेहता, उपनिरीक्षक कुआशा शर्मा, हेड कांस्टेबल इसरार नवी और कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी शामिल रहे।
