मुख्यमंत्री धामी कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय
देहरादून।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। पशुपालन विभाग द्वारा प्रदेश के 9 पर्वतीय जनपदों अल्मोड़ा, चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़, चम्पावत, पौड़ी, बागेश्वर, टिहरी और रुद्रप्रयाग के कुक्कुट पालकों के लिए कुक्कुट आहार सब्सिडी योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत वर्ष 2025-26 में ब्रायलर फार्म योजना के अन्तर्गत 816 तथा कुक्कुट वैली स्थापना योजना के अन्तर्गत 781 लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाएगा। इसके लिए कुल 2 करोड़ 83 लाख 85 हजार रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है।
परिवहन विभाग के अंतर्गत देहरादून शहर में ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए ‘देहरादून सिटी ट्रांसपोर्ट लिमिटेड’ नाम से एक स्पेशल परपज व्हीकल (SPV) का गठन किया जाएगा। यह इकाई देहरादून स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा संचालित ई-बसों के साथ-साथ प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के अंतर्गत मिलने वाली ई-बसों और नगर बस सेवा का संचालन करेगी। इससे सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को सुगठित और सुव्यवस्थित रूप देने में मदद मिलेगी।
आवास विभाग के निर्णयों के अंतर्गत जनपद ऊधमसिंहनगर में प्राधिकरण क्षेत्र की नियोजित कालोनियों और व्यावसायिक निर्माण के लिए ग्राम फाजलपुर महरौला, तहसील रुद्रपुर की कुल 9.918 हेक्टेयर भूमि को वर्तमान सर्किल रेट पर जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, ऊधमसिंहनगर को आवंटित किया जाएगा।
न्याय अनुभाग में महाधिवक्ता, उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय, नैनीताल के अधिष्ठान कार्यालय में वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिव का एक पद सृजित किया गया है, जबकि आशुलिपिक का एक पद समर्पित किया जाएगा। वरिष्ठ प्रमुख निजी सचिव का वेतनमान 1,23,100 से 2,15,900 रुपये (लेवल-13, ग्रेड पे 8700) निर्धारित किया गया है, जबकि समर्पित किए गए आशुलिपिक का वेतनमान 29,200 से 92,300 रुपये (लेवल-05) है।
इसके अतिरिक्त, मंत्रिमंडल ने उत्तराखंड सेवा का अधिकार अधिनियम के नवम वार्षिक प्रतिवेदन 2023-24 को विधानसभा पटल पर प्रस्तुत किए जाने को भी मंजूरी प्रदान की है।
