महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने और परिवार को धमकी देने वाले अभियुक्त को मुनस्यारी पुलिस ने किया गिरफ्तार
मुनस्यारी। मुनस्यारी थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए उस अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने एक महिला को फोन, फेसबुक और व्हाट्सएप के माध्यम से लगातार धमकाकर आत्महत्या के लिए उकसाया और उसके परिवार को भी जान से मारने की धमकी दी।
मामला 12 अगस्त 2025 का है, जब ग्राम शंखधुरा निवासी श्री केदार सिंह ने थाना मुनस्यारी में तहरीर दी थी। तहरीर में आरोप लगाया गया कि दीपक नामक युवक उनकी पत्नी को लगातार फोन व सोशल मीडिया के जरिए धमकियां देता रहा और आत्महत्या करने के लिए उकसाता रहा। मानसिक दबाव के चलते उनकी पत्नी ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद भी अभियुक्त द्वारा वादी के परिवार को जान से मारने की धमकी दी जाती रही।
तहरीर के आधार पर थाना मुनस्यारी में अभियुक्त दीपक के विरुद्ध धारा 108/351(3) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पिथौरागढ़ श्रीमती रेखा यादव ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। क्षेत्राधिकारी धारचुला श्री के.एस. रावत के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष मुनस्यारी श्री अनिल आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए अभियुक्त दीपक सिंह निवासी मसूरिया, पो. पांखू, थाना थल को थल–नाचनी रोड से गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्त को आवश्यक कानूनी कार्यवाही पूर्ण करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
