विंटर कार्निवाल से रौनक लौटी नैनीताल में, स्थानीय लोगों की हुई पौ-बारह
रिपोर्ट : ललित जोशी।
नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में वर्ष 2018 के बाद इस बार पुनः विंटर कार्निवाल का आयोजन किया जा रहा है, जो 25 दिसंबर तक चलेगा। महोत्सव के दौरान कई प्रसिद्ध गायक एवं कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से मंच पर समा बांधेंगे और दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
जहां तराई क्षेत्र में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड लोगों को परेशान कर रही है, वहीं नैनीताल एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में चटख धूप खिली हुई है। इसी कारण सरोवर नगरी में पर्यटकों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। कोई पर्यटक रमणीय स्थलों का भ्रमण कर रहा है तो कोई नौकाविहार का आनंद ले रहा है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह है। टैक्सी चालक, घोड़ा चालक सहित अन्य स्थानीय व्यवसायियों को अच्छा रोजगार मिलने से वे खुश नजर आ रहे हैं। फिलहाल क्षेत्र में कहीं भी बर्फबारी की संभावना नहीं है, हालांकि सुबह और शाम के समय ठंड का प्रकोप बना हुआ है। देर रात पाला पड़ने से ठिठुरन भी महसूस की जा रही है।
विंटर कार्निवाल का आनंद पर्यटक उठाएं या न उठाएं, लेकिन स्थानीय लोगों के लिए यह आयोजन खासा उत्साह और खुशी लेकर आया है। उम्मीद जताई जा रही है कि स्थानीय लोग देर रात तक कार्यक्रमों का भरपूर आनंद लेते हुए माहौल को जीवंत बनाए रखेंगे।
आज तल्लीताल गांधी मूर्ति के समीप विभिन्न दलों द्वारा अपने-अपने करतब दिखाए गए तथा झांकियां निकालकर दर्शकों की जमकर वाहवाही लूटी गई। इस दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया।
